मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिमुंबादेवी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव, मां को लगेगा विविध व्यंजनों का भोग

मुंबादेवी मंदिर में अन्नकूट महोत्सव, मां को लगेगा विविध व्यंजनों का भोग

रवीन्द्र मिश्रा / मुंबई

लाभ पंचमी के पावन अवसर पर मुंबई के ऐतिहासिक और प्रसिद्ध मुंबादेवी मंदिर में रविवार, 26 अक्टूबर को पारंपरिक अन्नकूट महोत्सव का आयोजन किया गया है। यह आयोजन दीपावली उत्सव के समापन और नए वर्ष की शुभ शुरुआत के प्रतीक के रूप में हर वर्ष बड़ी श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाता है।

मंदिर के व्यवस्थापक हेमंत जाधव ने बताया कि अन्नकूट महोत्सव के दिन मां मुंबादेवी को सैकड़ों प्रकार के व्यंजनों का भोग अर्पित किया जाता है। इसमें मिठाइयों, नमकीन, फल और विशेष प्रसाद के रूप में पारंपरिक पकवानों की विविधता देखने को मिलती है। इस दौरान मंदिर में दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक श्रद्धालुओं के लिए दर्शन बंद रहते हैं, ताकि देवी को भोग अर्पित करने की प्रक्रिया विधिवत संपन्न हो सके।

जाधव के अनुसार, अन्नकूट दर्शन को अत्यंत शुभ माना गया है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि मां मुंबादेवी के अन्नकूट दर्शन से मनुष्य की अनेक मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और घर-परिवार में सुख, समृद्धि तथा शांति का वास होता है। दीपावली के बाद इस विशेष पूजन में दूर-दूर से भक्त बड़ी संख्या में शामिल होने आते हैं।

मुंबादेवी मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए दर्शन व्यवस्था, सुरक्षा और प्रसाद वितरण के लिए विशेष इंतज़ाम किए हैं। मंदिर परिसर में सजावट और रोशनी से वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। अन्नकूट महोत्सव के दौरान देवी मंदिर परिसर में भक्तों का उत्साह देखते ही बनता है, जहां मां मुंबादेवी के जयकारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठता है।

अन्य समाचार