-युवती का रेप कर घोंटा गला
-शव को निर्वस्त्र कर हाईवे पर फेंका
सामना संवाददाता / लखनऊ
उत्तर प्रदेश में एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे एक भाजपा कार्यकर्ता ने दारोगा भर्ती की तैयारी कर रही २६ साल की युवती का पहले रेप किया और बाद में युवती द्वारा थाने में एफआईआर कराने पर स्कॉर्पियो के अंदर गला दबाकर युवती की हत्या कर दी। आरोपी के भतीजे और सिक्योरिटी गार्ड ने कानपुर से ३८० किमी दूर बुलंदशहर में शव को निर्वस्त्र कर फेंक दिया। इस घटना को लेकर विपक्ष ने एकसुर में भाजपा पर हमला बोला है और कहा है कि भाजपा राज में कोई भी बेटी अब सेफ नहीं है।
गौरतलब है कि बुलंदशहर-अनूपशहर हाईवे किनारे एक महिला का कई दिन पुराना नग्न शव बरामद हुआ, जिसकी जांच करने पर पूरे मामले का तार उन्नाव से जुड़ता दिखाई दिया। चौंकाने वाली बात यह है कि मृतका ने महज दो दिन पहले ही उन्नाव के उत्तम हॉस्पिटल के मालिक के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद ही आरोपी ने बदले की नीयत से महिला की बेरहमी से हत्या कर शव को नग्न हालत में हाईवे किनारे फेंक दिया।
`महिला सुरक्षा के लिए भाजपावाले ही सबसे बड़ा खतरा हैं!’
उन्नाव की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी के अखिलेश यादव `एक्स’ हैंडल पर जमकर बरसे। अखिलेश ने अपनी पोस्ट में लिखा कि लड़की की पहचान न होने पर पुलिस ने उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया। भाजपा वाले अब महिला सुरक्षा के लिए सबसे बड़ा खतरा बन कर उभर रहे हैं। मामले की तुरंत सीबीआई जांच हो और पीड़ित के परिवार को अविलंब न्याय मिले।
