मुख्यपृष्ठस्तंभउत्तर की बात : चुप क्यों है `गोदी मीडिया!'

उत्तर की बात : चुप क्यों है `गोदी मीडिया!’

रोहित माहेश्वरी, लखनऊ

आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा कर वाराणसी में मंदिर तोड़े जाने का आरोप लगाया है। वीडियो में एक पौराणिक मंदिर को गिराए जाने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि यह मामला हिंदू-मुस्लिम का नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र में हो रही कार्रवाई का है। संजय सिंह ने ‘गोदी मीडिया’ पर भी चुप्पी साधने का आरोप लगाते हुए कहा कि धार्मिक स्थलों के साथ हो रहे अन्याय पर जनता को सवाल उठाने चाहिए।
श्रम का सम्मान नहीं कर रही है भाजपा सरकार!
भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय की कड़ी टिप्पणी साझा करते हुए सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी कर्मचारी से ४० वर्षों तक काम लेना और फिर उसे अस्थायी बताना अमानवीय और असंवैधानिक है। आजाद ने हरियाणा सरकार पर ‘संस्थागत शोषण’ का आरोप लगाते हुए कहा कि जिनके श्रम से सार्वजनिक संस्थान चलते हैं, उसी श्रम को सम्मान और सुरक्षा से वंचित रखना सामाजिक न्याय का उल्लंघन है।
मंत्रीजी की छंटनी तो तय है…!
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने यूपी के एक मंत्री के बयान से जुड़ी फोटो सोशल मीडिया पर साझा करते हुए तीखा व्यंग्य किया। अखिलेश ने लिखा कि मंत्री जी सामान्य ज्ञान भूल गए कि कुछ साल पहले उनके सर्वेसर्वा अभिनेता सलमान खान के साथ पतंग उड़ाते दिखे थे। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कहीं यह बयान दिल्ली तक न पहुंच जाए और मंत्री जी की डोर कट जाए। साथ ही संकेत दिया कि संभव है बयान जानबूझकर दिया गया हो, क्योंकि मंत्री जी को अपनी छंटनी की भनक लग चुकी हो।
`सम्मान हम दिलाएंगे!’
बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने गुरुवार को लखनऊ में अपना ७०वां जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने भाजपा सहित अन्य दलों पर तीखा हमला बोला। मायावती ने कहा कि ब्राह्मण समाज को किसी के ‘चोखा-बाटी’ खाने की जरूरत नहीं है। बसपा उन्हें पूरा सम्मान और सुरक्षा देने का काम करेगी। उन्होंने दोहराया कि बसपा की राजनीति सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के सम्मान पर आधारित है। जन्मदिन के मौके पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।

अन्य समाचार