कैटरीना कैफ मां क्या बनीं, सोशल मीडिया के कुछ ट्रोलर्स को उनकी बॉडी पर ज्ञान बांटने का मौका मिल गया। किसी ने वजन पर कमेंट किया तो किसी ने उनके बदले हुए लुक पर सवाल उठाए। अब इस पूरे तमाशे पर अभिनेत्री परिणीति चोपड़ा का पारा चढ़ गया है। खुद मां बन चुकीं परिणीति ने कैटरीना का खुलकर बचाव करते हुए बॉडी शेमिंग को ‘बेतुका और गंवारपन’ करार दिया। परिणीति ने सवाल उठाया कि आखिर बच्चे को जन्म देने के बाद महिला के शरीर में आए बदलावों पर चर्चा ही क्यों होनी चाहिए? उनके मुताबिक, मां बनने के बाद शरीर में बदलाव कमजोरी नहीं, बल्कि इस बात का सबूत हैं कि महिला ने नौ महीने बच्चे को जन्म देने के लिए कितनी मेहनत की है। परिणीति ने ट्रोलर्स को भी जमकर लताड़ा और कहा कि महिलाओं को ऐसे लोगों की बातों पर ध्यान देने की जरूरत नहीं है। इससे पहले सलमान खान भी कैटरीना के समर्थन में ट्रोलर्स को खरी-खोटी सुना चुके हैं।
