सामना संवाददाता / ठाणे
साहित्यिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्य हेतु समर्पित न्यास बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट कल्याण, ठाणे द्वारा श्रावण मास के स्वागत में आनलाइन काव्यगोष्ठी प्रथम सोमवार, 14 जुलाई को आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि के रूप में महाराष्ट्र हिंदी साहित्य अकादमी से वरिष्ठ साहित्यकार रामकृष्ण सहस्रबुद्धे और विशेष अतिथि के रूप में संतोष तिवारी ‘हिंदवी’ लखनऊ मंच पर उपस्थित रहे। गोष्ठी की अध्यक्षता ” श्रेयस्कर” पत्रिका के संपादक एवं वरिष्ठ साहित्यकार डॉ. कृपाशंकर मिश्र ने किया। साहित्यकार पवन तिवारी विशेष वक्ता के रूप में मंच से जुड़े। बाबू शोभनाथ सिंह मेमोरियल ट्रस्ट के अध्यक्ष शिव कुमार सिंह ने मुख्य अतिथि, विशेष अतिथि एवं अध्यक्ष के पारम्परिक स्वागत के साथ-साथ वरिष्ठ साहित्यकारों एवं आमंत्रित कवियों एवं कवयित्रियों का स्वागत किया।भारतीय परंपरानुसार, काव्य गोष्ठी का श्री गणेश, सुश्री पल्लवी रानी द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना से हुआ। काव्य पाठ की कड़ी को आगे बढ़ाते हुए न्यास की सचिव एवं संचालिका सत्यभामा सिंह जिया ने सर्वप्रथम रंजू राय को काव्य पाठ के लिए आमंत्रित किया। तत्पश्चात डॉ. रामस्वरूप साहू, ओम प्रकाश सिंह, शारदा प्रसाद दुबे, अयोध्या प्रसाद द्विवेदी, बिट्टू जैन सना, डॉ. कनकलता तिवारी, अन्नपूर्णा गुप्ता, डॉ. सत्यवती मौर्य, सीमा त्रिवेदी, लक्ष्मी यादव, पल्लवी रानी, जागृति सिन्हा, सिंधुवासिनी तिवारी सिंधु, सुमित्रा गुप्ता, आभा गोयनका, पूनम मिश्रा ने अपने काव्य पाठ से भगवान शिव की पावन आराधना की और सावन को मन भावन बना दिया। पूर्व नियोजित काव्य पाठ के बीच साहित्यकार पवन तिवारी ने शिव तत्त्व पर व्याख्यान देते हुए दधीचि मुनि के पुत्र ऋषि पिप्पालाद की कथा सुनाई। उसी श्रृंखला में मुख्य अतिथि रामकृष्ण सहस्रबुद्धे, विशेष अतिथि संतोष तिवारी हिंदवी ने भी काव्य पाठ किए। अध्यक्ष डॉ. कृपाशंकर मिश्र ने सभी के काव्यपाठ की शानदार समीक्षा करते हुए कवियों-कवयित्रियों को बधाई दी और शानदार मुक्तक की प्रस्तुति से अपने अध्यक्षीय संबोधन को विराम दिया। गोष्ठी का संचालन सत्यभामा सिंह एवं अन्नपूर्णा गुप्ता ने किया। अंत में न्यास की सचिव सत्यभामा सिंह ने उपस्थित सभी साहित्यकारों का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
