-डेढ़ दशकों से कार्यरत महिला पदाधिकारी ने छोड़ी पार्टी
-जिलाध्यक्ष वधारिया पर लगाए गंभीर आरोप
सामना संवाददाता / उल्हासनगर
शहर भाजपा में एक महिला पदाधिकारी ने जिलाध्यक्ष राजेश वधारिया पर ठेकेदारों को पद बांटने और भाजपा को गर्त में ले जाने का आरोप लगाते हुए भाजपा से त्यागपत्र दे दिया है। अश्विनी गणेश मढवी ने अपने त्यागपत्र की घोषणा करते हुए मीडिया के सामने जिलाध्यक्ष राजेश वधारिया पर गंभीर आरोप लगाते हुए टीम ओमी कालानी की सदस्यता लेने की जानकारी भी दी।
बता दें कि उल्हासनगर जिला भाजपा अध्यक्ष राजेश वधारिया की कार्यप्रणाली पर भाजपा में उंगलियां उठती रहती हैं, लेकिन पहली बार किसी पदाधिकारी ने खुलकर वधारिया के खिलाफ बोला है। मीडिया से बातचीत के दौरान अश्विनी मढवी ने कहा कि वधारिया पूरी तरह से व्यापारी हैं और ठेकेदारों के हित की ही बात करते हैं। यहां तक कि जिला स्तर पर पद भी ठेकेदारों को ही दिए जा रहे हैं। अश्विनी मढवी ने वधारिया की कार्य प्रणाली पर सवालिया निशान लगाते हुए कहा कि वधारिया को अध्यक्ष बने एक साल होनेवाला है मगर अभी तक जिला कार्यकारिणी घोषित नहीं हो पाई है। मढवी के अनुसार भाजपा विधायक कुमार आयलानी के कार्यालय में नौकरी करने वालों को पूर्णकालिक कार्यकर्ता बताकर उन्हें पद दिए जाने की तैयारी हो रही है, जबकि यह पूर्णकालिक कार्यकर्ता न होकर विधायक कार्यालय के कर्मचारी हैं। ऐसे में सच्चे और कर्मठ कार्यकर्ताओं के साथ अन्याय हो रहा है। अश्विनी मढवी मौजूदा समय में भाजपा जिला उपाध्यक्ष थीं। उन्होंने वधारिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि शहर को विद्रूप करने का काम वधारिया कर रहे हैं, क्योंकि सड़कें बनाने का ठेका लेने वाले भाजपा के पदाधिकारी हैं तो टूटी-फूटी और खस्ताहाल सडकों के खिलाफ बोलेगा कौन? क्योंकि सड़कों की दयनीय हालत के जिम्मेदार भी तो यही ठेकेदार हैं।
