राजेश सरकार / प्रयागराज
संगम नगरी के यमुनानगर एडीए कॉलोनी नैनी की सड़कों पर इन दिनों बाइक गैंग का आतंक है। बी ब्लॉक स्थित कॉलोनी के पार्क में गैंग ने अपना अड्डा जमाया हुआ है। कनैला से लेकर पाल चौराहा, सरपतहइया, दूरवाणी नगर चौराहे पर इनकी दबंगई व्याप्त है। इन जगहों पर घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं जिससे लोगों में दहशत और नाराजगी है। हैरानी की बात यह है कि सुरक्षा के लिए लगाए गए कई सीसीटीवी कैमरे या तो खराब पड़े हैं या कबाड़ बन चुके हैं। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि आखिर अपराधियों पर नकेल कैसे कसेगी। एडीए पुलिस की निगरानी व्यवस्था ही सवालों के घेरे में है। पुलिस महकमे को हाईटेक किए जाने वाले दावे खोखले नजर आ रहे हैं, क्योंकि हकीकत कुछ और ही है। पुलिस अपराधियों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों के भरोसे काम करना ही नहीं चाहती। एडीए कॉलोनी मेनरोड पर लगे कैमरों में पूरे गैंग के दो दर्जन से ज्यादा बाइकर्स के मास्क से छिपे चेहरे कैद हैं। फिर भी पुलिस इस गैंग को पकड़ नहीं पा रही है और गैंग के सारे मेंबर्स कॉलोनी की नाक में दम किए हुए हैं। ताजा मामला 11 जून की शाम का है। दिव्यांशु मिश्रा पुत्र जयशंकर मिश्रा निवासी जेपी नगर रामनगर चौराहा नैनी, जो बीफार्मा का स्टूडेंट है। बाइकर्स गैंग ने दिव्यांशु को बुरी तरह से मारा-पीटा। बाइकर्स गैंग के हमले में उसे काफी गंभीर चोटें आईं। पार्क के पास रहने वाले लोगों ने बताया कि गैंग ने दहशत फैलाने को बमबाजी और फायरिंग भी की। लोगों के बीच बचाव करने पर गैंग वहां से रफूचक्कर हो गया और दिव्यांशु की मुश्किल से जान बच सकी। बाद में दिव्यांशु की तहरीर पर दो नामजद एवं दो दर्जन से ज्यादा अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। कानून को खुली चुनौती देते हुए शरारती तत्वों के गैंग ने पूरी कॉलोनी एवं आस-पास उत्पात मचा रखा है। बी ब्लॉक का चंद्रलोक पार्क इसका अड्डा बना है। जबरन किसी को मार देना। दहशत फैलाना गैंग की हरकत बन चुकी है। गैंग के बदमाश युवकों की हाईस्पीड ड्राइविंग पर भी पुलिस की निगाह नहीं पड़ती, उल्टे शरीफ लोगों को वाहन चेकिंग के नाम पर परेशान किया जाता है। बताया जाता है की गैंग में ज्यादातर लड़के सरपतहइया, कनैला, मवैया, पाल चौराहा और पसियाना बस्ती के हैं। यह किसी पर भी कभी भी अटैक करते हैं और फरार हो जाते हैं।
सड़कों पर लफंगों का नंगा नाच
शहर के नैनी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। एडीए कॉलोनी और लेबर कॉलोनी की सड़कों पर बाइकर्स गैंग के बदमाशों और असामाजिक तत्वों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे खुलेआम उत्पात मचा रहे हैं। जबकि पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं। बता दें कि इन दिनों अपराधियों को पकड़ने के लिए मुखबिर से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों पर पुलिस निर्भर है। इसके बावजूद बाइकर्स गैंग का ना पकड़ा जाना पुलिस की कार्य प्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लगाता है। आए दिन सामने आ रही घटनाओं ने आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। लोगों का आरोप है कि अपराधियों में पुलिस का डर खत्म होता जा रहा है। नैनी की सड़कों पर अराजक तत्व बेखौफ होकर कानून को चुनौती दे रहे हैं।
