मुख्यपृष्ठनए समाचार‘अवैध’ है भाजपा का नया कार्यालय!.. बिना कैबिनेट प्रस्ताव के कर दिया...

‘अवैध’ है भाजपा का नया कार्यालय!.. बिना कैबिनेट प्रस्ताव के कर दिया आबंटित

-कौड़ियों में करोड़ों की जमीन, कांग्रेस का हमला

सामना संवाददाता / मुंबई

चर्चगेट स्टेशन के पास भाजपा का नया विशाल कार्यालय बनाने का काम शुरू हो चुका है। एक दिन पहले ही भाजपा के वरिष्ठ नेता व केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने इसका भूमिपूजन किया। अब यहां १,७०० वर्गमीटर में फैले भूखंड पर प्रदेश भाजपा का कार्यालय कुछ ही महीनों में बनकर तैयार होगा। लेकिन यह कार्यालय पूरी तरह से ‘अवैध’ तरीके से बनाया जा रहा है।
सूत्रों का दावा है कि इस कार्यालय की जमीन मनपा की है और ‘शेड्यूल डब्ल्यू’ श्रेणी में आती है। ऐसी जमीन को किसी को लीज पर देने के लिए कैबिनेट में प्रस्ताव लाना होता है, जबकि सरकार ने चोरी-छुपे यह जमीन पहले ही ले ली है। इस पर कैबिनेट में कोई प्रस्ताव नहीं लाया गया है। जबकि मनपा की जमीन के लिए कैबिनेट की मुहर जरूरी है। सूत्रों का दावा है कि भाजपा यहां पर आनन-फानन में जमीन हथियाने के लिए अवैध रास्ता अपना रही है।
सौदे में झोल है
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि भाजपा कार्यालय के लिए ली गई जमीन के सौदे में बड़ा झोल है। कांग्रेस प्रवक्ता सचिन सावंत ने कहा कि यह जमीन मनपा के कब्जे में थी, फिर भी उसका हस्तांतरण कैसे हुआ? उन्होंने दावा किया कि इस प्रस्ताव को राज्य मंत्रिमंडल की मंजूरी नहीं मिली है। फिर भी सरकार ने प्रक्रिया पूरी किए बिना भूमिपूजन करवाया। मनपा की सैकड़ों करोड़ की जमीन मात्र कौड़ियों के मोल (८.९१ करोड़) में भाजपा को कैसे दी गई? इस पर सीएम फडणवीस को जवाब देना चाहिए।

अन्य समाचार