मुख्यपृष्ठअपराधमुंबई की युवती संग उदयपुर में इवेंट के बहाने हैवानियत!

मुंबई की युवती संग उदयपुर में इवेंट के बहाने हैवानियत!

-फार्महाउस बना दरिंदगी का अड्डा

-१० दिन बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म

जेदवी / मुंबई

मुंबई की एक युवती के साथ उदयपुर में इंसानीयत को शर्मसार कर देनेवाली घटना सामने आई है, जहां उसे नौकरी का झांसा देकर मुंबई से बुलाया गया और फिर उसे बंधक बनाकर आरोपियों ने लगातार १० दिनों तक उसका गैंगरेप किया। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है।
बता दें कि रोजगार की तलाश कर रही मुंबई की युवती को इवेंट में काम दिलाने और मोटी कमाई का झांसा देकर उदयपुर बुलाया गया, जहां उसके साथ जो हुआ, वह उदयपुर के साथ-साथ पूरी इंसानियत को झकझोर देने वाला है। पीड़िता के मुताबिक, उसे उदयपुर बुलाकर बंधक बनाया गया और १० दिन तक सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
पीड़िता के अनुसार, हिरण मगरी निवासी करण सिंह ने उसे इवेंट का काम दिलाने के बहाने उदयपुर बुलाया। लेकिन यह बुलावा नौकरी का नहीं, बल्कि दरिंदगी का जाल निकला। युवती का आरोप है कि सुखेर थाना क्षेत्र के एक फार्महाउस में उसे करीब १० दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया। इस दौरान मुख्य आरोपी करण सिंह और उसके साथी हितेश व भूरा ने फार्महाउस में शराब पार्टियां कीं। युवती को जबरन शराब पिलाई गई और नशे की हालत में उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया।
किसी तरह चंगुल से निकलकर पीड़िता गुरुवार, १५ जनवरी की शाम एसपी कार्यालय पहुंची और आपबीती सुनाई। शिकायत मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मुख्य आरोपी करण सिंह को हिरासत में ले लिया गया। हालांकि, उसके दो साथी अभी भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस जगह-जगह दबिश दे रही है।
मामले की जांच डिप्टी एसपी (वेस्ट) राजेश यादव कर रहे हैं। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण भी करवा दिया गया है। चिंताजनक बात यह है कि सुखेर थाना क्षेत्र में २० दिनों के भीतर सामूहिक दुष्कर्म की यह दूसरी घटना है। इससे पहले २० दिसंबर २०२५ को एक आईटी कंपनी के सीईओ सहित अन्य पर चलती कार में महिला कर्मचारी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया था। पुलिस गंभीरता से मामले की जांच कर रही हैं।

अन्य समाचार