मुख्यपृष्ठसमाचारशादी से मना करने पर लखनऊ में बीएससी छात्रा की गला रेतकर...

शादी से मना करने पर लखनऊ में बीएससी छात्रा की गला रेतकर हत्या!

मनोज श्रीवास्तव / लखनऊ

मोहनलालगंज थाना क्षेत्र के धर्मावतखेड़ा गांव में रविवार दोपहर 19 वर्षीय बीएससी छात्रा प्रियांशी रावत की घर में घुसकर बेरहमी से हत्या कर दी गई। आरोपी ने धारदार हथियार से छात्रा का गला रेत दिया और मौके से फरार हो गया। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। छात्रा प्रियांशी अपनी माँ पूनम और छोटी बहन महक के साथ रहती थीं। पिता की मौत तीन साल पहले हो चुकी थी। रविवार को घर में केवल प्रियांशी और महक मौजूद थीं। महक ने बताया कि आरोपी आलोक रावत घर से करीब 100 मीटर पहले अपनी बाइक खड़ी करके सीधे अंदर घुस आया। उसने प्रियांशी के बारे में पूछताछ की और ऊपर जाकर उससे बातचीत करने लगा। थोड़ी देर बाद आरोपी ने मौका पाकर धारदार हथियार से प्रियांशी का गला रेत दिया। गंभीर रूप से घायल प्रियांशी सीढ़ियों से लड़खड़ाती हुई दरवाजे तक पहुंची और जमीन पर गिर पड़ी। वह करीब 10 मिनट तक तड़पती रही, पड़ोसियों का कहना है कि समय रहते कोई उपचार न मिलने के कारण बचाई नहीं जा सकी। कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी बाइक से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और फोरेंसिक टीम ने मौके की जांच शुरू कर दी है। गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी।

इस संदर्भ में डीसीपी निपुण अग्रवाल ने बताया कि थाना मोहनलालगंज क्षेत्रान्तर्गत धर्मावतखेड़ा में युवती की हत्या करने वाला अभियुक्त आलोक रावत पुत्र सतीश कुमार रावत निवासी आबादी लोनापुर थाना बीबीडी चिनहट लखनऊ उम्र करीब 20 वर्ष को पुलिस हिरासत में लिया गया है, आरोपी से पूछ-ताछ चल रही है।अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल लखनऊ आ रहे हैं। पुलिस और प्रशासन हाई अलर्ट पर हैं।इस दौरान हुई घटना से योगी पुलिस की किरकिरी हो रही थी।

अन्य समाचार