-पुराने विरोध-प्रदर्शन का वीडियो फिर वायरल; ग्राहम की मौत का कारण
-महाधमनी फटना बताया गया, ईरानी हमले का कोई प्रमाण नहीं
एजेंसी / वॉशिंगटन / तेहरान
अमेरिका के प्रभावशाली रिपब्लिकन सीनेटर और ईरान के कट्टर आलोचक लिंडसे ग्राहम की अचानक मौत के बाद सोशल मीडिया पर सनसनीखेज दावों की बाढ़ आ गई है। ईरान में लोगों द्वारा ग्राहम की मौत की मांग किए जाने वाला एक पुराना वीडियो दोबारा प्रसारित हो रहा है। इसके आधार पर कुछ लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या उनकी मौत के पीछे ईरान का हाथ था।
हालांकि, अभी तक ऐसा कोई विश्वसनीय प्रमाण सामने नहीं आया है, जिससे ग्राहम की मौत को ईरान अथवा किसी बाहरी साजिश से जोड़ा जा सके। ग्राहम के कार्यालय ने बताया कि ११ जुलाई को संक्षिप्त और अचानक बीमारी के बाद उनका निधन हुआ। प्रारंभिक चिकित्सकीय निष्कर्ष में मौत का कारण एओर्टिक डिसेक्शन यानी शरीर की सबसे बड़ी रक्तवाहिनी महाधमनी की भीतरी परत फटना बताया गया है। यह स्थिति पुरानी हृदय और रक्तवाहिनी संबंधी बीमारी से जुड़ी थी।
मौत से दो दिन पहले यूक्रेन में थे
ग्राहम ने निधन से एक दिन पहले यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की से मुलाकात की थी। वह रूस पर कड़े प्रतिबंधों, यूक्रेन को अमेरिकी सहायता और ईरान के खिलाफ आक्रामक नीति के प्रमुख समर्थकों में गिने जाते थे।
ईरान में ग्राहम के खिलाफ नारेबाजी वाला पुराना वीडियो फिर वायरल
वायरल वीडियो में ईरान के भीतर प्रदर्शनकारी अमेरिकी नेताओं और विशेष रूप से ग्राहम के खिलाफ आक्रामक नारे लगाते दिखाई देते हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो उनकी मौत से पहले का है और अब दोबारा प्रसारित किया जा रहा है। इसलिए इसे उनकी मृत्यु की परिस्थितियों का प्रमाण नहीं माना जा सकता।
मौत से पहले लग रहे थे ‘ग्राहम मुर्दाबाद’ के नारे, अब वायरल वीडियो ने खड़ी की साजिश की कहानी!
ग्राहम लंबे समय से ईरान के विरुद्ध कठोर सैन्य कार्रवाई और प्रतिबंधों के समर्थक रहे थे। इसी कारण ईरानी सत्ता प्रतिष्ठान और समर्थक मीडिया में उन्हें युद्धोन्मादी नेता के रूप में पेश किया जाता था। उनकी मौत के बाद ईरानी सरकारी मीडिया की कथित उत्सवपूर्ण प्रतिक्रिया ने विवाद को और हवा दी।
