सामना संवाददाता / मुंबई
अयोध्या के श्रीराम मंदिर में चढ़ावे, दान और आभूषणों की कथित चोरी के मामले को लेकर शिवसेना ने अपना आंदोलन तेज करने का एलान किया है। पार्टी के विधायक भास्कर जाधव ने घोषणा की है कि वे प्रभु श्रीराम का बैनर और भगवा ध्वज लेकर गांव-गांव और घर-घर जाएंगे तथा रामभक्त बनकर लोगों को कथित चोरी की पूरी कहानी बताएंगे। भास्कर जाधव ने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का अभियान नहीं, बल्कि भगवान श्रीराम के नाम पर लोगों को जागरूक करने का अभियान होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी का झंडा नहीं, केवल श्रीराम का बैनर और भगवा ध्वज लेकर अपने विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव में सभाएं आयोजित की जाएंगी।
उन्होंने भाजपा पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया कि जो लोग स्वयं को हिंदुत्व का सबसे बड़ा रक्षक बताते हैं, वही श्रीराम के नाम पर हुई कथित लूट के लिए जिम्मेदार हैं। जाधव ने कहा, ‘कलियुग के सबसे बड़े लुटेरे यही लोग हैं। भगवान श्रीराम ने इनके असली चेहरे को जनता के सामने लाने का अवसर दिया है। इसलिए गांव-गांव जाकर इनके पाप लोगों को बताना जरूरी है।’ भास्कर जाधव ने दावा किया कि करीब १,४०० करोड़ रुपए की कथित लूट हुई है और इसके लिए भाजपा से जुड़ी संस्थाओं की भूमिका की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे को किसी भी कीमत पर दबने नहीं दिया जाएगा और इसे लगातार जनता के बीच उठाया जाएगा।
