विक्रम सिंह / सुल्तानपुर
धर्मांतरण के अंतरराष्ट्रीय गैंग के ‘छांगुर बाबा’ एक नहीं अनेक हैं ! ताजा मामला यूपी के सुल्तानपुर जिले से सामने आया है। यहां जिला मुख्यालय से सटे बघराजपुर के निवासी राशिद व उसके सहयोगियों के खिलाफ पुलिस ने राजधानी लखनऊ के चिनहट थाने में फिलहाल एफआईआर दर्ज करने के बाद इस ‘नेटवर्क’ के सूत्र तलाशने में जुट गई है। फिलहाल शुरुआती तौर पर सनसनीखेज जानकारियां प्रकाश में आ रही हैं, जिसके अनुसार, गैंग लीडर के सपा के एक सांसद व उसके पुत्र से करीबी ताल्लुकात हैं। इसके अलावा बाहरी देशों से हिंदू लड़कियों को अपने जाल में फंसाने के लिये बाहरी देशों से मोटी रकम मिलने के भी पुख्ता सबूत हैं।
प्राप्त विवरण के अनुसार, सुल्तानपुर शहर के दक्षिण-पूर्व सीमा पर बसे मुहल्ले की एक हिंदू नवयुवती पर पड़ोसी राशिद पुत्र मुन्नू लगातार डोरे डाल रहा था। उसे जबरन कॉल व सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर चैटिंग आदि करके राशिद ने अपने चंगुल में फंसा लिया। इसके बाद प्रभाव व दबाव डालकर धर्मांतरण कर शादी के लिये मजबूर करने लगा। कहा कि हमारे लोग सऊदी अरब व बांग्लादेश में भी हैं, मेरे साथ चलो बाद में सब ठीक हो जाएगा। उसकी बातों से घबराकर पीड़िता ने मां व अपने बड़े पिताजी से सारी बात बताई और लखनऊ के चिनहट थानांतर्गत आवास पर चली गई। भनक पाकर आरोपी राशिद अपने दोस्त अजय के साथ स्कार्पियो कार से वहां भी जा पहुंचा। पीड़िता को कॉल करके जबरन बुके पकड़ाया और उसके बड़े पिता को धमकाया कि इसकी शादी मेरे साथ कर दो अन्यथा बहुत बुरा हो जाएगा। अंततः पीड़िता ने गत आठ जुलाई को चिनहट थाने में तहरीर दी। जिस पर थाना प्रभारी ने नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। उधर प्राप्त जानकारी के अनुसार , आरोपी राशिद शौकीन मिजाज है। उसके संबंध गोरखपुर संभाग के एक बड़े सपा नेता व सांसद के बेटे से हैं। आए दिन दोनों पार्टियां करते रहते हैं। सोशल मीडिया पर भी इसकी चर्चा-ए-आम है।
