मुख्यपृष्ठस्तंभसरोकार : तुर्भे का ‘एक्सिडेंट जोन’...तुर्भे ब्रिज के नीचे वर्षों से बंद...

सरोकार : तुर्भे का ‘एक्सिडेंट जोन’…तुर्भे ब्रिज के नीचे वर्षों से बंद सिग्नल… सर्विस रोड की बदहाली से परेशान जनता

सनी

तुर्भे ब्रिज के नीचे स्थित ट्रैफिक सिग्नल की समस्या बहुत पुरानी है और यह समस्या नई मुंबई के लोगों के लिए एक बड़ा खतरा बन गई है। सिग्नल बंद होने के कारण दुर्घटनाएं आम हो गई हैं और लोगों को अपनी जान जोखिम में डालकर इस मार्ग से गुजरना पड़ रहा है।
नई मुंबई स्थित तुर्भे ब्रिज के नीचे स्थित ट्रैफिक सिग्नल पिछले कई वर्षों से बंद पड़ा है, जिसके कारण इस मार्ग पर आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्थानीय नागरिक और वाहन चालक से जुड़े संगठनों द्वारा बार-बार इस बारे में शिकायत किए जाने के बावजूद परिवहन विभाग कानों में रूई डाले और आंखें मूंदे बैठा हुआ है। शिकायत नई मुंबई महानगरपालिका के दरबार तक भी बार-बार पहुंचाई जाती रही है, लेकिन स्थिति जस की तस बनी हुई है। ब्रिज के नीचे का यह चौराहा नई मुंबई के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है- यहां से भारी वाहन, स्कूल बसें, ऑटो और दोपहिया वाहन लगातार गुजरते हैं। सिग्नल बंद होने के कारण वाहन चालक अक्सर एक-दूसरे के सामने से अचानक निकलने की कोशिश करते हैं, जिससे टक्कर की घटनाएं आम हो गई हैं। सबसे ज्यादा तकलीफ शाम के बाद शुरू हो जाती, क्योंकि रोशनी कम होने के चलते इस व्यस्त चौराहे के पास वाहन चालकों को बिना सिग्नल के अंदाजे से ड्राइविंग करनी पड़ती है।
स्थानीय निवासी राजेश पाटील का कहना है, ‘सिग्नल सालों से बंद पड़ा है, कभी कोई अधिकारी आकर निरीक्षण नहीं करता। हर हफ्ते छोटे-मोटे एक्सीडेंट होते हैं, लेकिन कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।’ हालात और भी बिगड़ जाते हैं जब बारिश होती है, जबकि सिग्नल के ठीक बगल में बनी सर्विस रोड जगह-जगह से उखड़ी हुई है और बड़े-बड़े गढ्डों से भरी पड़ी है। सड़क की यह हालत वाहन चालकों के लिए खतरा बन गई है। छोटे वाहन और दोपहिया चालक अक्सर इन गड्ढों से बचने के चक्कर में बीच सड़क पर आ जाते हैं, जिससे और अधिक दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। व्यापारी संघ और स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि ट्रैफिक सिग्नल को जल्द से जल्द ठीक किया जाए और सर्विस रोड की मरम्मत तत्काल कराई जाए। इसके अलावा, रात के समय सड़क पर स्ट्रीट लाइट की कमी भी दुर्घटनाओं में इजाफा कर रही है।
तुर्भे ट्रैफिक विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि सिग्नल की तकनीकी खराबी की रिपोर्ट भेजी जा चुकी है और अगले कुछ हफ्तों में नया कंट्रोल सिस्टम लगाया जाएगा। वहीं नई मुंबई महानगरपालिका का कहना है कि सर्विस रोड की मरम्मत का प्रस्ताव तैयार है और जल्द ही काम शुरू किया जाएगा। स्थानीय लोगों की अपेक्षा है कि प्रशासन केवल आश्वासन न दे, बल्कि जल्द कार्रवाई करे- ताकि तुर्भे ब्रिज के नीचे यह ‘एक्सीडेंट जोन’ फिर से सुरक्षित मार्ग बन सके।

अन्य समाचार