•सुल्तानपुर में एकजुट हुए दिग्गज कांग्रेसी
सामना संवाददाता / सुल्तानपुर
कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर काम के अधिकार की रक्षा और महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को कमजोर किए जाने का आरोप लगाते हुए “मनरेगा बचाओ संग्राम” का अवध क्षेत्र में भी शंखनाद कर दिया है। बुधवार को सुल्तानपुर में जिला कांग्रेस कमेटी में संगठन के मानिंद नेताओं ने योजना तय की और पत्रकार वार्ता की। जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने कहा कि मनरेगा ग्रामीण गरीबों, मजदूरों और किसानों की आजीविका की रीढ़ है, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तावित वीजी ग्राम जी जैसे प्रावधानों के माध्यम से इस कानून की मूल भावना को समाप्त करने का प्रयास किया जा रहा है। इससे रोजगार की गारंटी कमजोर होगी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर गंभीर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। उन्होंने आगे कहा कि मनरेगा केवल रोजगार योजना नहीं बल्कि संविधान प्रदत्त अधिकार है, जिसे किसी भी कीमत पर खत्म नहीं होने दिया जाएगा। कांग्रेस लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से जनता के साथ मिलकर इस लड़ाई को सड़क से सदन तक लड़ेगी। उनके द्वारा बताया कि पार्टी ने इस मुद्दे को लेकर जनवरी से २५ फरवरी २६ तक चरणबद्ध आंदोलन का निर्णय लिया है। इसके तहत जिला, ब्लॉक, पंचायत, वार्ड स्तर पर जनसंपर्क, धरना-प्रदर्शन, उपवास, प्रेस कॉन्फ्रेंस और राज्य स्तरीय घेराव जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे इसी कड़ी में ११ जनवरी रविवार को राजीव गांधी तिकोनिया पार्क में पार्टी के लोग एक दिन उपवास कर सत्याग्रह पर बैठेंगे। पूर्व विधायक शिवनरायन मिश्र ने कहा कि इस अभियान के माध्यम से मनरेगा मजदूरों, महिलाओं, दलितों, आदिवासियों और वंचित वर्गों को संगठित कर उनकी आवाज़ बुलंद की जाएगी। किसान कांग्रेस के पूर्व प्रांतीय अध्यक्ष जगदीश सिंह ने कहा कि मनरेगा गरीबों का संवैधानिक अधिकार है। वीबी ग्राम जी कानून इस अधिकार को खत्म करने की साजिश है। कांग्रेस इसे किसी भी कीमत पर लागू नहीं होने देगी, मनरेगा रोजगार गारंटी का कानून है और जीरामजी एक सरकारी योजना है। कांग्रेस इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और ग्रामीण स्तर पर मनरेगा श्रमिकों को लेकर आंदोलन चलायेगी। मनरेगा बचाओ संग्राम के कोऑर्डिनेटर ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि मनरेगा से करोड़ों परिवारों को रोजगार मिलता है। पंचायतों के अधिकार छीनना और मजदूरी में कटौती गरीबों पर सीधा हमला है, मनरेगा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। सरकार अगर इस योजना से छेड़छाड़ करेगी तो कांग्रेस सड़कों पर संघर्ष तेज करेगी। शहर अध्यक्ष शकील अंसारी ने कहा कि भाजपा ने SIR के नाम पर यूपी में लाखों-करोड़ों वोट काटकर लोकतंत्र को कमजोर किया है। कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी,हम मीडिया के माध्यम से आम जनता से “मनरेगा बचाओ संग्राम” को समर्थन देने की अपील करते है। जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय पर हुई प्रेस वार्ता में जिला प्रवक्ता सियाराम त्रिपाठी, उपाध्यक्ष जनार्दन शुक्ल, पूर्व प्रदेश सचिव रणजीत सिंह सलूजा,जिला महासचिव ममनून आलम विजय पाल, कंट्रोल रूम प्रभारी सलाउद्दीन हाशमी, शहर कमेटी के प्रवक्ता हामिद राइनी, अतीक,सुब्रत सिंह सनी, दिनेश तिवारी,शीतला साहू आदि लोग मौजूद रहे।
