सामना संवाददाता / मुंबई
डोंबिवली शहर के यातायात के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण ठाकुर्ली रेलवे फ्लाईओवर का निर्माणकार्य पिछले आठ सालों से प्रलंबित है। निर्माण कार्य अधूरा होने के कारण नागरिकों को यातायात की समस्या से जूझना पड़ रहा है। प्रशासन ने निर्माण कार्य पूरा करने के लिए कोई समय-सीमा तय नहीं की है। इसलिए पुल के अधूरे निर्माण के विरोध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के कार्यकर्ता पुल पर एकत्रित हुए और कागज के विमान उड़ाकर मनपा प्रशासन और सरकार के झूठे वादों का मजाक उड़ाया।
मनपा ने ठाकुर्ली रेलवे गेट से शुरू होने वाले पुल को सीधे म्हसोबा चौक पर उतारने की योजना बनाई थी, लेकिन यह पुल अधूरा है। इस पृष्ठभूमि में शिवसेना शहरप्रमुख प्रकाश तेलगोटे और मनसे शहरप्रमुख प्रकाश भोईर सहित सैकड़ों शिवसेना और मनसे कार्यकर्ता अधूरे पुल पर एकत्रित हुए और अधिकारियों की कुव्यवस्था का विरोध करते हुए कागज के विमान उड़ाकर अधिकारियों का मजाक उड़ाया।
कोपर फ्लाईओवर ही एकमात्र विकल्प
ठाकुर्ली रेलवे फाटक बंद होने से डोंबिवली में पूर्व-पश्चिम यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। वर्तमान में कोपर फ्लाईओवर ही एकमात्र विकल्प है, जिससे भारी यातायात जाम की स्थिति पैदा हो रही है। इस समस्या के समाधान के रूप में कल्याण की ओर ठाकुर्ली फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई गई थी।
