भगवा एवं सनातन पर अभद्र कमेंट से बढ़ी तकरार!
विक्रम सिंह/सुल्तानपुर
ये वाकया है यूपी के अयोध्या परिक्षेत्र में स्थित कुशनगरी सुल्तानपुर का, जहां बौद्ध समरसता सम्मेलन के दौरान भगवा परिधान और सनातन पर एक वक्ता के अभद्र कमेंट से मंच पर ही बवाल हो गया। मंचस्थ विधायक राजेश गौतम उबल पड़े और वक्ता से माइक छीन लिया। काफी देर तक दोनों में कहासुनी और वाकयुद्ध होता रहा। हतप्रभ श्रोताओं और अन्य विशिष्टजनों के बीचबचाव से फौरी तौर पर मामला शांत तो हो गया लेकिन सम्मेलन के दौरान की गई अभद्र टिप्पणी पर क्षेत्रवासियों ने थाने में सामाजिक वैमनस्य उत्पन्न करने के आरोप में शिकायती पत्र देकर वक्ता के खिलाफ नामजद एफआईआर कर पुलिस से कार्रवाई की मांग कर डाली है। जिससे मामले ने तूल पकड़ लिया है।
घटनाक्रम के मुताबिक सुल्तानपुर के करौंदीकलां थानांतर्गत अमरेमऊ स्थित बौद्ध विहार मंदिर परिसर में गत गुरुवार को समरसता सम्मेलन आयोजित था। जिसमें स्थानीय भाजपा एमएलए राजेश गौतम व पूर्व बसपा विधायक भगेलूराम आदि भी मंच पर विराजमान थे। इसी दौरान अति पिछड़ों की राजनीति में सक्रिय शहर के एक इंटर कालेज के शिक्षक (प्रवक्ता) श्यामलाल निषाद माइक पर आए। आरोप है कि उन्होंने सनातन, भगवा और भगवा वेशभूषा को लेकर आपत्तिजनक वक्तव्य देना शुरू कर दिया। इस पर मंचस्थ भाजपा विधायक राजेश गौतम गुस्से में लाल हो उठे। वे अपनी सीट से उठे और सीधा जा पहुंचे डायस पर। श्यामलाल निषाद के हाथों से माइक छीन लिया। दोनों के बीच वाकयुद्ध और विवाद शुरू हो गया। विधायक का आरोप था कि वक्ता श्यामलाल ने जानबूझकर हिंदुत्व पर अमर्यादित व आपत्तिजनक कमेंट कर समरसता के बजाय वैमनस्य फैलाने का काम किया है।
हालांकि कुछ लोगों के बीचबचाव से मामला सुलट गया। ..लेकिन इस घटनाक्रम की वीडियो क्लिप कुछ घंटों के भीतर सोशल मीडिया पर वायरल हो उठी। जिससे प्रकरण ने पुनः तूल पकड़ लिया।शनिवार की देर शाम ग्राम प्रधान मनोज तिवारी के नेतृत्व में थाने पहुंचे दर्जनों ग्रामीणों ने शिक्षक श्यामलाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग करते हुए तहरीर दी। मनोज तिवारी, विवेकानंद उपाध्याय ने कहा कि हिंदू धर्म, भगवा संस्कृति हमारी आस्था का विषय है। एक शिक्षक द्वारा अपनी सियासत चमकाने के लिये समाजविरोधी ऐसी टिप्पणियां नाकाबिले बर्दाश्त हैं। वहीं विधायक राजेश गौतम ने बताया कि हिंदू धर्म व संस्कृति पर टिप्पणी को लेकर मामला बढ़ा था। इस तरह की बातें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। वहीं आरोपों के घेरे में आए शहर के एमजीएस कॉलेज के प्रवक्ता श्यामलाल निषाद ने बताया कि मैं आंबेडकरवादी विचारधारा का हूं। विधायक गौतम मेरी बात पूरी होने से पहले ही हाथ से माइक छीन लिया।
