मुख्यपृष्ठसमाचारगोपाष्टमी पर धर्मसंघ में हुआ गौपूजन का आयोजन

गोपाष्टमी पर धर्मसंघ में हुआ गौपूजन का आयोजन

उमेश गुप्ता/वाराणसी

गोपाष्टमी के अवसर पर बुधवार को धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज की तपोस्थली धर्मसंघ (मणि मंदिर) में गौपूजन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। दुर्गाकुण्ड स्थित प्रांगण में स्थापित स्वामी करपात्री आदर्श गौशाला में प्रातः 9 बजे से धर्मसंघ महामंत्री पंडित जगजीतन पाण्डेय के मुख्य आचार्यत्व में सैकड़ो की संख्या में आये गौभक्तों ने सविधि पूजन अर्चन किया। धर्मसंघ पीठाधीश्वर स्वामी शंकरदेव चैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज के पावन सानिध्य में वैदिक ब्राह्मणों एवं शताधिक बटुकों द्वारा शुक्ल यजुर्वेद के मंत्रोच्चार के बीच षोडषोपचार विधि से गऊ पूजन किया गया। सर्वप्रथम गौरी – गणेश पूजन तथा आदित्य सूर्य पूजन किया गया। तत्पश्चात भगवान विष्णु का पूजन कर गौपूजन किया गया।

गोपाष्टमी के अवसर पर पर गौशाले में सैकड़ो की संख्या में रह रही शुद्ध देशी गाय, गिर, साहीवाल, गंगातीरी गायों को प्रातःकाल पंचगव्य और पंचामृत स्नान कराया गया, उसके बाद गायों का रंग बिरंगे रेशमी वस्त्र, मुकुट, आभूषण आदि से श्रृंगार किया गया। पूजन के उपरांत सभी गायों को गुड़, फल और मिठाई के साथ हरे चारे के रूप में साग, मूली, खीरा, लौकी, सेम, गाजर आदि भोग खिलाया गया। अंत मे आरती कर उनकी प्रदक्षिणा की गयी। पूजन में दक्षिण भारत से बड़ी संख्या में आये भक्तों ने भी सविधि पूजन किया।

पूजन के उपरांत उपस्थित गौभक्तों को गऊ सेवा का महात्म्य बताते हुए पं. जगजीतन पाण्डेय ने कहा किसनातन धर्म मे गऊ का विशेष स्थान है, जो स्थान गंगा और गायत्री का है वहीं स्थान गौ का है। धर्मसम्राट स्वामी करपात्री जी महाराज का सम्पूर्ण जीवन गौ संवर्धन के लिए समर्पित रहा, गौहत्या बन्दी के लिए उनके द्वारा शुरू किया गया आंदोलन सम्पूर्ण देशभर में फैला। कलिकाल में गौ माता की सेवा ही समस्त पापों का शमन करती है और सर्व सुख प्रदान करती है। कार्यक्रम में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा नेत्री शालिनी यादव, राजमंगल पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में भक्त गण शामिल रहे।

अन्य समाचार