मुख्यपृष्ठनए समाचार‘महायुति’ में दरार... शाह से शिंदे नाराज!

‘महायुति’ में दरार… शाह से शिंदे नाराज!

-केंद्रीय गृह मंत्री के कार्यक्रम से झाड़ा पल्ला

-कार्यक्रम पत्रिका में नाम के बाद भी नहीं आए

सामना संवाददाता / मुंबई

राज्य की महायुति सरकार में शामिल तीनों दलों के बीच इन दिनों जमकर टकराव देखने को मिल रहा है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की दमन नीति से सहयोगी दलों में भारी नाराजगी है। खासकर शिंदे गुट ज्यादा नाराज है। उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने अपनी नाराजगी जताने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के भाजपा कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम से कन्नी काट ली, जबकि वे इस कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने अमित शाह के साथ मंच साझा किया, पर शिंदे की गैरहाजिरी ने यह सवाल खड़ा कर दिया कि क्या महायुति के भीतर अब मतभेद सतह पर आने लगे हैं? बता दें कि अमित शाह के इस कार्यक्रम में एकनाथ शिंदे आने वाले थे। उनके दिनभर के कार्यक्रम पत्रिका में इस कार्यक्रम का उल्लेख था। हालांकि, उन्होंने भाजपा शब्द का इस्तेमाल अपनी डे प्लान पत्रिका में नहीं किया था। लेकिन उक्त स्थान का पूरा उल्लेख किया था, पर कार्यक्रम में शिंदे वहां नहीं पहुंचे। सूत्रों के मुताबिक, शिंदे गुट इस बात से नाराज है कि भाजपा राज्य की राजनीति में उन्हें दरकिनार कर अपना वर्चस्व बढ़ा रही है। इससे शिंदे समर्थकों में गहरा असंतोष है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि यह मंच से दूरी नहीं, बल्कि सत्ता में असंतोष का संकेत है। भाजपा के रणनीतिक निर्णयों में अब शिंदे गुट की राय को महत्व नहीं दिया जा रहा और यही वजह है कि शिंदे ने शाह के कार्यक्रम से दूरी बनाकर स्पष्ट संदेश देने की कोशिश की है।

अन्य समाचार