मुख्यपृष्ठसमाचारजालना में ‘सर तन से जुदा' गाने पर डांस, पुलिस बेखबर!

जालना में ‘सर तन से जुदा’ गाने पर डांस, पुलिस बेखबर!

स्क्रीन पर झलकी पाकिस्तानी की तस्वीरें स्कूल के वार्षिकोत्सव में हुआ देश विरोधी कार्यक्रम

सामना संवाददाता / मुंबई

जालना जिले में एक स्कूल के वार्षिक समारोह में बार-बार बज रहे ‘सर तन से जुदा’ जैसे गीत ने सीधे फडणवीस सरकार को चुनौती दी है। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो में कुछ छात्र मंच पर प्रस्तुति देते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद विवाद शुरू हुआ, शिकायतें हुईं और अब पुलिस ने स्कूल प्रबंधन से जुड़े तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामला परतूर इलाके के एक प्राइवेट स्कूल से जुड़ा है। पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है।
दरअसल, ये पूरा मामला जालना जिले के परतूर शहर में स्थित एक प्राइवेट स्कूल का है। स्कूल में २२ फरवरी २०२५ को वार्षिक समारोह हुआ था, जिसका वीडियो हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। इस वायरल वीडियो में कुछ छात्र हाथों में नकली तलवारें लेकर एक गीत पर डांस परफॉर्म करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि इस गीत में बार-बार ‘सर तन से जुदा’ जैसे शब्द सुनाई दे रहे हैं। इस वीडियो को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर बवाल मच गया और शिकायत की गई। इसी के साथ मामले में कार्रवाई की मांग उठी थी। पुलिस ने जो एफआईआर दर्ज की है, उसके अनुसार जांच में सामने आया कि वीडियो स्कूल के अध्यक्ष और मुख्य अध्यापक द्वारा तैयार किया गया था। वहीं कार्यक्रम में बजाया गया गीत शिक्षक ने चुना था और डांस प्रैक्टिस भी कराई जाएगी। शिकायत में यह भी कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान प्रदर्शित वीडियो में पाकिस्तान के कट्टरपंथी मुमताज कादरी की तस्वीर भी दिखाई गई थी।
छात्रों को हिंसात्मक संदेश
कार्यक्रम की एंकरिंग कर रही महिला द्वारा भी मंच से विवादित नारे दोहराए जाने का आरोप लगाया गया है। एफआईआर में कहा गया है कि कार्यक्रम के माध्यम से छात्रों को हिंसात्मक संदेश दिया गया। इसी के साथ वहां मौजूद लोगों के मन में ऐसी विचारधारा को बढ़ावा देने की कोशिश की गई। इसी आधार पर परतूर पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस जांच कर रही है।

अन्य समाचार