कल्याण : नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए पुलिस प्रशासन लगातार सक्रिय है। इसी कड़ी में डीसीपी परिमंडल-3 के विशेष स्क्वाड को एक बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को डीसीपी स्कॉट की टीम ने कल्याण (पश्चिम) के बाजारपेठ थाना क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक नशे के सौदागर को गिरफ्तार कर उसके पास से 400 कोरेक्स सीरप की बोतलें बरामद की हैं। यह कार्रवाई उस समय हुई जब सपोनी गायकवाड के नेतृत्व में विशेष पथक फोर्टिस हॉस्पिटल के पास गश्त कर रहा था। तभी एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल पर भारी मात्रा में माल ले जाते हुए दिखाई दिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 400 कोरेक्स सीरप की बोतलें मिलीं, जिनकी बाजार कीमत करीब 4 लाख रुपए बताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी मोहम्मद मताब अनिस रईस (33), निवासी गोल्डन प्लाजा, ओल्ड फिश मार्केट, मौलाना शौकत अली चौक, कल्याण पश्चिम को मौके पर ही गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 60,हजार रुपए की कीमत की मोटरसाइकिल और 3,660 नकद भी जब्त की गई। बाजारपेठ पुलिस थाने में उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले भी एमएफसी पुलिस थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह नशे का माल आरोपी को कहाँ से मिलता था और इसकी सप्लाई किसे की जाती थी।
