मुख्यपृष्ठसमाचारफर्जी चालान का लिंक भेजकर रू १.८८ लाख का लगाया चूना!

फर्जी चालान का लिंक भेजकर रू १.८८ लाख का लगाया चूना!

सुरेश गोलानी / मुंबई

-ठगों ने कार्ड विवरण से खरीदे ३ महंगे मोबाइल फोन

साइबर ठगी का एक और नया और खतरनाक तरीका सामने आया है, जिसमें मीरा रोड निवासी एक ३६ वर्षीय नौकरीपेशा व्यक्ति को अपराधियों ने फर्जी आरटीओ ई-चालान का लिंक भेजकर लाखों रुपए का चूना लगा दिया। पुलिस के मुताबिक, ठगों ने उसके कार्ड विवरण के जरिए ऑनलाइन तीन महंगे मोबाइल खरीद लिए।
पीड़ित मालाड स्थित विदेशी मुद्रा विनिमय, ट्रैवल कार्ड और मनी ट्रांसफर जैसी सेवाएं प्रदान करने वाली कंपनी में कार्यरत है। पीड़ित ने मीरा रोड पुलिस थाने में दर्ज अपनी शिकायत में बताया कि उन्हे उनके मोबाईल नंबर पर एक अज्ञात नंबर से आरटीओ ई-चालान संबंधित संदेहस्पद लिंक से जुड़ा हुआ संदेश प्राप्त हुआ। शिकायतकर्ता द्वारा लिंक को क्लिक करने के बाद उनके मोबाइल पर एक ऐप डाउनलोड हो गया। कुछ देर बाद शिकायतकर्ता को बैंक से उनके दो क्रेडिट कार्ड का इस्तेमाल तीन महंगे मोबाइल खरीदने से संबंधित संदेश प्राप्त हुए। ठगों ने ऐप के द्वारा शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन हैक कर लिया था और रिमोट एक्सेस के जरिए क्रेडिट कार्ड विवरण हासिल कर १.८८ लाख रुपए की शॉपिंग कर ली। पीड़ित द्वारा शिकायत मिलने के बाद मीरा रोड पुलिस ने साइबर ठगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम (आईटी एक्ट), २००० की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया और आगे की जांच जारी है।

अन्य समाचार