अनिल मिश्र / रांची
झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) एवं झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) से जुड़े परीक्षा विवाद लगातार गहराता जा रहा है। अब तक पुलिस प्रशासन द्वारा कुल 10 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है। जांच एजेंसियों को कई महत्वपूर्ण विवादित तथ्यों के संबंध में जानकारी मिली है। वहीं छात्र लगातार परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने और उन्हें रद्द करने की मांग को लेकर आंदोलनरत हैं।
सोमवार को बापू वाटिका, मोरहाबादी में दिवा-रात्रि सत्याग्रह धरना का तीसरा दिन भी जारी रहा। इस दौरान आंदोलन स्थल से आयोजित प्रेस वार्ता में आंदोलन के अगले चरण की घोषणा की गई।
इस बीच छात्र नेता देवेंद्र नाथ महतो ने बताया कि 29 जुलाई को जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम से अल्बर्ट एक्का चौक, रांची तक पदयात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही मानसून सत्र के पहले दिन 6 अगस्त को झारखंड विधानसभा का घेराव कर सरकार से जेपीएससी एवं जेएसएससी परीक्षाओं की सीबीआई जांच कराने तथा विवादित परीक्षाओं को रद्द करने की मांग की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जब तक छात्रों को न्याय नहीं मिलता और सरकार उनकी मांगों पर ठोस निर्णय नहीं लेती, तब तक आंदोलन चरणबद्ध तरीके से जारी रहेगा।
सोमवार की प्रेस वार्ता में विशाल कुमार गौरव, शिल्पी कुमारी, राकेश कुमार, सविता कुमारी, सूर्य प्रकाश कुमार, राजकुमार कश्यप, ममता कुमारी सहित छात्र और अभिभावक मौजूद रहे।
