– शिवसेना ने की तत्काल खोलने की मांग
सामना संवाददाता / मुंबई
डोंबिवली एमआईडीसी के आवासीय क्षेत्र में मॉडल स्कूल के पास स्थित धर्मवीर आनंद दिघे पार्क पिछले तीन महीने से बंद है। इससे इलाके के बच्चे और बुजुर्ग परेशान हैं। कल्याण-डोबिवली मनपा द्वारा सुरक्षा गार्ड नियुक्त न किए जाने के कारण पार्क बंद है। नतीजतन, पार्क के रखरखाव की उपेक्षा की जा रही है और इलाके में गंदगी पैâली हुई है।
गौरतलब हो कि मनपा ने पार्क पर लाखों रुपए खर्च किए थे, लेकिन वर्तमान में पार्क की स्थिति दयनीय है। सुरक्षा गार्डों की कमी के कारण पार्क अक्सर बंद रहता है। ऐसे में बच्चों के खेलने और बुजुर्गों के लिए सुबह-शाम टहलने की कोई जगह नहीं है।
शिवसेना ने दिया प्रशासन को ज्ञापन
इस संबंध में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) उप-तालुकाप्रमुख भालचंद्र म्हात्रे, उप-विभागप्रमुख मंदार स्वर्गे, शाखाप्रमुख सागर पाटील और पूर्व विभागप्रमुख राजू नलावड़े ने मनपा उद्यान विभाग को एक ज्ञापन देकर पार्क को तत्काल खोलने की मांग की है। इसके साथ ही शिवसेना ने स्थाई सुरक्षा गार्डों की नियुक्ति न होने पर विरोध प्रदर्शन की भी चेतावनी दी है।
