मुख्यपृष्ठनए समाचारमगध विश्वविद्यालय मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का आयोजन... संबद्ध डिग्री कॉलेज के कर्मचारियों ने...

मगध विश्वविद्यालय मुख्यालय पर धरना-प्रदर्शन का आयोजन… संबद्ध डिग्री कॉलेज के कर्मचारियों ने वर्षों पुरानी मांगों को पूरा करने की मांग दोहराया

अनिल मिश्र / पटना

बिहार राज्य संबद्ध डिग्री कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ के आह्वान पर फैक्टनेब मगध विश्विद्यालय इकाई के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों ने मगध विश्वविद्यालय परिसर में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन आयोजित कर अपने दस सूत्री मांगों पर विस्तृत प्रकाश डालते हुए अविलंब पुरा करने की मांग दोहराई। इस धरना-प्रदर्शन कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार राज्य संबद्ध डिग्री कॉलेज शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी महासंघ के मगध विश्वविद्यालय इकाई के अध्यक्ष प्रो विजय कुमार मिट्ठू ने किया, तथा संचालन गया जिला अध्यक्ष डॉ अरविंद कुमार ने किया। वहीं कार्यक्रम को महासंघ के संरक्षक प्रो नवल किशोर प्रसाद सिंह , डॉ अनिल कुमार सिन्हा, प्रो डॉ अशोक कुमार सिंह, प्रो शत्रुध्न प्रसाद, शशि रंजन कुमार, राम विलास सिंह, विकास कुमार प्रो सुनील कुमार, प्रो रंजीत भारद्वाज, प्रो श्रावण कुमार, प्रो बृजेश शर्मा, नवल किशोर चक्रवर्ती, अनिल कुमार सिंह, कुमार चन्द्रशेखर, प्रो शोभा कुमारी,नंदनी कुमारी, प्रो आशा कुमारी, निमिष भारद्वाज, अभिषेक कुमार, आदि ने संबोधित करते हुए कहा कि सूबे के 65 प्रतिशत छात्रों को डिग्री की पढ़ाई सुनिश्चित कराने वाले राज्य के सैकड़ों संबद्ध अनुदानित कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारियों के सरकारी कॉलेज के तर्ज़ पर नियमित वेतनमान एवं पेंशन की 40 वर्ष पुरानी मांग अभी तक पूरा नहीं हुआ, जबकि उच्च न्यायालय, सर्वोच्च न्यायालय के आदेश सहित राज्य सरकार की महीनों पूर्व घोषणा भी हवा- हवाई सिद्ध हो रहा है। इस बीच इन सभी वक्ताओं ने कहा कि संबद्ध डिग्री कॉलेज के आठ वर्षों का इंटर, डिग्री का बकाया अनुदान नहीं मिलने, सीनेट- सिंडिकेट का चुनाव समय पर नहीं होने, संबद्ध कॉलेज के जी बी के रिक्त पदों को भरने, शिक्षक प्रतिनिधि का समय पर चुनाव कराने, कॉपी मूल्यांकन का नियमित समय पर भुगतान नहीं मिलने, पूर्व के कटौती की गई राशि का भुगतान नहीं करने जैसे कई समस्याओं का समाधान अभी तक नहीं होने से कर्मचारियों में भयानक आक्रोश है। बिहार सरकार वर्षों पुरानी परम्परा को खत्म कर विश्वविद्यालय अधिनियम 2026 लाकर राज्य के सभी डिग्री कॉलेज को राज्य के कुलाधिपति राज्यपाल के अधीन से डिग्री कॉलेज को राज्य सरकार के अधीन करने के नियम को अविलंब रद्द करने की मांग सूबे के संबद्ध एवं अनुभूत कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी लगातार कर रहे हैं।इस संबंध में शिक्षक- शिक्षकेत्तर नेताओं ने कहा कि आगे चरणबद्ध आंदोलन के तहत 9 सितंबर से मुख्यमंत्री के समक्ष पटना में अनिश्चितकालीन धरना कार्यक्रम में मगध विश्विद्यालय संबद्ध अनुदानित कॉलेज के शिक्षक एवं शिक्षकेतर कर्मचारी सैकड़ों की संख्या में 10 सितंबर को भाग लेंगे। धरना-प्रदर्शन समाप्ति के उपरांत पांच सदस्यों का प्रतिनिधि मंडल कुलपति मगध विश्वविद्यालय से मिल कर महामहिम राज्यपाल के नाम एक विस्तृत ज्ञापन दिया।

अन्य समाचार