सामना संवाददाता / नई दिल्ली
पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले सियासी माहौल लगातार गरमाता जा रहा है। गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से कोलकाता और बिधाननगर में पॉलिटिकल कंसल्टेंसी फर्म आई-पीएसी के कई ठिकानों पर छापेमारी की। इस छापेमारी को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला है। सीएम ने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई पूरी तरह राजनीतिक है और चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस को कमजोर करने की साजिश है। उन्होंने अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, `वे घटिया गृह मंत्री हैं, वे मेरी पार्टी द्वारा इकट्ठा की गई जानकारी चुराना चाहते हैं। क्या यही काम है अमित शाह का?’ मुख्यमंत्री ने दावा किया कि ईडी की टीम राजनीतिक रणनीति और पार्टी की आंतरिक जानकारी चुराने के इरादे से आई है।
`हार से घबराई बीजेपी’
ईडी की रेड के बाद समाजवादी पार्टी के प्रमुख और यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी की साजिश फेल हो जाएगी। उन्होंने कहा कि यह पहला प्रमाण है कि भाजपा बंगाल में बुरी तरह हार रही है।
