सामना संवाददाता / नई दिल्ली
देश के पांच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इन चुनावों को लेकर वोट वाइब की एक सर्वे रिपोर्ट सामने आई है। इस रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल ममता बनर्जी फिर बीजेपी को पटखनी देंगी, साथ ही बिहार में तेजस्वी यादव नीतीश कुमार पर भारी पड़ेंगे। रिपोर्ट के अनुसार, बंगाल में ममता दीदी का डंका बजेगा। वहीं देश का सबसे दक्षिणी राज्य में केरल में बीजेपी की स्थिति अच्छी नजर नहीं आ रही है।
इसके अलावा बिहार में सीएम फेस के रूप में नीतीश कुमार राजद नेता तेजस्वी यादव से पिछड़ गए हैं। सीएम फेस में तेजस्वी यादव को ३८ प्रतिशत और नीतीश कुमार को ३६ प्रतिशत लोग पसंद कर रहे हैं। चिराग पासवान और सम्राट चौधरी क्रमश: ५ प्रतिशत और २ प्रतिशत लोगों की पसंद हैं। असम में सीएम फेस की रेस में हिमंता बिस्वा सरमा को ४६ प्रतिशत और गौरव गोगोई को ४५ प्रतिशत लोग पसंद कर रहे हैं। यह फर्क बहुत मामूली है। इससे साफ हो गया है कि इस बार का असम चुनाव हिमंता बिस्वा सरमा और गौरव गोगोई पर केंद्रित होगा।
ममता बनर्जी का डंका
तमाम विवादों और आरोप- प्रत्यारोप के बीच पश्चिम बंगाल में एक बार फिर ममता दीदी का डंका बजता हुआ दिख रहा है। वोट वाइब के अनुसार, पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी को ४१.७ प्रतिशत लोग सीएम फेस के तौर पर पसंद करते हैं। वहीं शुभेंदु अधिकारी को सिर्फ २०.४ प्रतिशत, सुकांत मजूमदार को ९.७ प्रतिशत और अभिषेक बनर्जी को ५.३ प्रतिशत समर्थन मिला है। सर्वे में बंगाल में ममता के गढ़ को बरकरार दिखाया गया है।
