राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय के निर्माण में लापरवाही पर नाराजगी, नवंबर तक काम पूरा कराने के निर्देश
राजेश सरकार / प्रयागराज
झलवा में निर्माणाधीन राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय की सुस्त रफ्तार और निगरानी में लापरवाही पर जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा शनिवार को सख्त नजर आए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था पीडब्ल्यूडी से निर्माण की प्रगति का जायजा लिया। सहायक अभियंता ने नवंबर के प्रथम सप्ताह तक निर्माण पूरा करने का भरोसा दिया। डीएम ने स्पष्ट किया कि तय समय-सीमा में गुणवत्ता से किसी भी कीमत पर समझौता नहीं होना चाहिए।
निर्माण कार्य की निगरानी के लिए नामित नोडल अधिकारी सहायक आयुक्त, सहकारिता साधना सिंह द्वारा निरीक्षण आख्या उपलब्ध नहीं कराए जाने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। साथ ही नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी जिला विकास अधिकारी को सौंपने के लिए कहा।
डीएम ने निर्माण स्थल पर ड्रेनेज सिस्टम की समुचित व्यवस्था और पार्किंग का काम समय से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को मैनपावर और संसाधन बढ़ाकर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा।
जिलाधिकारी ने साफ किया कि परियोजना निर्धारित समय में पूरी हो, लेकिन जल्दबाजी के नाम पर निर्माण की गुणवत्ता से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
