सामना संवाददाता / मुंबई
फलटण की डॉक्टर संपदा मुंडे ने प्रताड़ना और शोषण से तंग आकर हाल ही में खुदकुशी कर ली थी। अब लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कल फोन पर डॉक्टर की मां और मुंडे परिवार के सदस्यों से बात कर उनका हालचाल लेते हुए कहा, ‘डरिए मत, हम आपके साथ हैं। डॉक्टर संपदा मुंडे को न्याय दिलाने के लिए कांग्रेस सरकार पर दबाव बनाएगी।’ राहुल गांधी ने संपदा के परिवार और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल से इस मामले की पूरी जानकारी भी ली। डॉक्टर मुंडे ने शोषण से तंग आकर हाल ही में खुदकुशी कर ली थी।
इस बारे में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने कहा कि डॉक्टर संपदा मुंडे की खुदकुशी दरअसल खुदकुशी नहीं, बल्कि हत्या है। डॉक्टर संपदा ने दबाव और उत्पीड़न से तंग आकर अपनी जान दे दी। इस मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित की जानी चाहिए और हाई कोर्ट के न्यायाधीश की देख-रेख में जांच कराई जानी चाहिए। साथ ही भाजपा के पूर्व सांसद रणजीतसिंह नाईक निंबालकर को तुरंत गिरफ्तार किया जाना चाहिए।
कल कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल ने बीड जिले के कवडगांव में जाकर फलटण की दिवंगत डॉक्टर संपदा मुंडे के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री अशोकराव पाटील आदि उपस्थित थे। इस दौरान सपकाल में कहा कि डॉक्टर संपदा मुंडे पर गलत काम करने का दबाव डाला जा रहा था, उनका लगातार उत्पीड़न किया गया। नाईक निंबालकर की गुंडागर्दी के कई मामले पहले भी सामने आए हैं। इस घटना की पराकाष्ठा यह है कि जांच शुरू होने से पहले ही मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रणजीतसिंह निंबालकर को खुली क्लीन चिट दे दी। यह बेहद निंदनीय और आक्रोशजनक है।
