मुख्यपृष्ठनए समाचारमहादेव की नगरी काशी में दुर्गा पूजा की धूम, मिनी बंगाल सरीखा...

महादेव की नगरी काशी में दुर्गा पूजा की धूम, मिनी बंगाल सरीखा हुआ मंदिरों शहर काशी

एक से बढ़कर एक पूजा पंडाल लोगों को बरबस कर रही है आकर्षित, श्रद्धालुओं से पटे पूजा पंडाल

उमेश गुप्ता / वाराणसी

महादेव की नगरी काशी में दुर्गा पूजा अपने चरमोत्कर्ष पर है। दुर्गा पूजा के इस महोत्सव में खलनायक की भूमिका निभा रहे बारिश की परवाह किए बगैर पूजा पंडालों में देवी के दर्शन को लेकर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। सुरक्षा की दृष्टि से जगह-जगह पुलिस टीम तैनात है।

मिनी बंगाल का स्वरूप लिए काशी में इन दिनों दुर्गा पूजा की धूम मची है। हर तरफ मां के पांडालों में गीत की गूंज सुनाई दे रही है। यहां शांति के संदेश से लेकर ऑपरेशन सिंदूर तक प्रचंड रूप में मां दुर्गा विराजमान हुई हैं।

मंदिरों के शहर बनारस के 512 पंडालों में उत्तर से दक्षिण के देवालय रूपी पंडालों में श्रद्धालुओं का रेला उमड़ पड़ा। एक तरफ जैतपुरा में एआई की थीम पर पंडाल को सजाया गया तो वहीं बंगाली टोला में धुनुची नृत्य पर श्रद्धालु थिरके।

शहरी इलाके में पिछले दो दिनों से बरसात होने के बाद भी श्रद्धालुओं के पांव पंडालों की ओर बढ़ते रहे। रात ढलने के साथ ही सनातन धर्म इंटर कॉलेज और हथुआ मार्केट के पंडाल में भीड़ का दबाव बढ़ता गया।

प्रदेश का सबसे ऊंचा पूजा पंडाल हथुआ मार्केट में बना है, जिसकी ऊंचाई 110 फीट है। यह कर्नाटक के मुरुदेश्वर मंदिर के स्वरूप में सजा हुआ है। यहां मां दुर्गा 18 हाथों वाले स्वरूप में विराजी हैं और उनके साथ 40 देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित की गई हैं।

जैतपुरा स्थित मां बागेश्वरी देवी मंदिर के समीप एआई की थीम पर बने पंडाल समुद्र मंथन, लेजर एनीमेशन शो को देखने के लिए श्रद्धालुओं की अच्छी खासी भीड़ रही। घौसाबाद में बरसाने वाली लाडलीजी का मंदिर, लालकुआं में बालाजी का मंदिर, केदारघाट पर धूपम से बनी मां दुर्गा की प्रतिमा, संकटा मंदिर की गली में भूत बंगला, अर्दली बाजार में सेना का बंकर आकर्षण का केंद्र रहे। शिवपुर मिनी स्टेडियम में जगन्नाथ मंदिर में मां के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रही।

अर्दली बाजार में नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर की तर्ज पर बना पंडाल आकर्षण का केंद्र रहा, जहां मां दुर्गा के साथ भगवान महादेव भी विराजमान हैं।

ऑपरेशन सिंदूर थीम पर बना अर्दली बाजार का पंडाल
जय माता सपोर्टिंग क्लब, अर्दली बाजार द्वारा ऑपरेशन सिंदूर की थीम पर पंडाल सजाया गया है, जिसमें मां काली को आतंकवादियों का वध करते हुए दिखाया गया है। इलेक्ट्रॉनिक शो के माध्यम से आतंकवादी मसूद अजहर के वध की झांकी भी प्रस्तुत की गई, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। चेतगंज के पंडाल में मां अपनी गोद में बच्चों को लिए हुए दिखाई गई हैं, जबकि लहरतारा के पंडाल में आतंकवादियों के वध की झांकी सजाई गई है।

अन्य समाचार

लोग