मुख्यपृष्ठनए समाचारसुबह की जल्दबाजी बनी हादसे का कारण... ‘गायमुख’ घाट पर आपस में...

सुबह की जल्दबाजी बनी हादसे का कारण… ‘गायमुख’ घाट पर आपस में टकराए ६ वाहन!.. घोड़बंदर रोड जाम, सुबह-सुबह थमी रफ्तार

जेदवी / मुंबई

ठाणे की जीवनरेखा कहे जाने वाले घोड़बंदर रोड पर बुधवार सुबह भयानक सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। गायमुख घाट के पास एनएच-४८ पर सुबह करीब ७ बजे तेज रफ्तार का कहर टूटा और ५ से ६ वाहन एक-दूसरे से टकरा गए। सुबह की जल्दबाजी को हादसे की वजह बताया जा रहा है। इस भीषण चेन टक्कर से मीरा रोड और गुजरात की ओर जाने वाला यातायात पूरी तरह चरमरा गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, घाट के तीखे मोड़ पर एक के बाद एक वाहन भिड़ते चले गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कई कारें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गर्इं, कुछ वाहन तो लगभग चकनाचूर नजर आए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हाई वे पर लगा लंबा जाम
हादसे के तुरंत बाद घोड़बंदर रोड पर मीलों लंबा जाम लग गया। ठाणे से मीरा रोड और गुजरात की ओर जाने वाला मार्ग लगभग ठप हो गया। दफ्तर जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी, कई लोग घंटों जाम में फंसे रहे। हादसे की भयावहता को देखते हुए जनहानि की आशंका जताई जा रही थी, लेकिन अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कोई जान नहीं गई। हालांकि, कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें नजदीकी अस्पतालों में प्राथमिक उपचार दिया गया।
आरडीएमसी-दमकल मौके पर पहुंचे
सूचना मिलते ही आरडीएमसी, अग्निशमन दल और यातायात पुलिस मौके पर पहुंच गई। क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने और मार्ग साफ करने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया गया। यातायात पुलिस ने हालात संभालने के लिए वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से मोड़ा। फिलहाल, हादसे के सटीक कारण स्पष्ट नहीं हैं। शुरुआती अंदाजे में तेज रफ्तार, कम दृश्यता या घाट के मोड़ पर गलत आकलन को वजह माना जा रहा है। पुलिस द्वारा विस्तृत जांच की जा रही है।

अन्य समाचार