मुख्यपृष्ठनए समाचारदोस्ती की आड़ में दुश्मनी, डोंबिवली बना रणक्षेत्र...मतदान से ४८ घंटे पहले...

दोस्ती की आड़ में दुश्मनी, डोंबिवली बना रणक्षेत्र…मतदान से ४८ घंटे पहले खून-खराबा!

-लोगों की भीड़ का भाजपा उम्मीदवार के पति पर जानलेवा हमला

-धारदार हथियार, लोहे के रॉड से प्रहार

– शिंदे गुट के दो उम्मीदवारों पर एफआईआर

सामना संवाददाता / ठाणे

महायुति में शामिल शिंदे गुट और भाजपा के बीच दोस्ती की आड़ में दुश्मनी का खूनी खेल अब खुलकर सामने आ गया है। मतदान से ठीक ४८ घंटे पहले डोंबिवली रणक्षेत्र में बदल गया, जहां ५०-६० लोगों की भीड़ ने भाजपा उम्मीदवार के पति पर जानलेवा हमला कर दिया। धारदार हथियारों और लोहे के रॉड से किए गए इस खून-खराबे ने चुनावी माहौल को दहशत में बदल दिया है। मामले में शिंदे गुट के दो उम्मीदवारों पर एफआईआर दर्ज होने से सियासी भूचाल आ गया है। आरोप है कि सत्ता के दम पर शिंदे गुट की ओर से कानून को कुचलने की कोशिश की गई, जिससे न सिर्फ चुनावी निष्पक्षता, बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मनपा चुनाव को लेकर चुनाव प्रचार के आखिरी दिन डोंबिवली में चुनावी माहौल हिंसा में तब्दील हो गया। मनपा चुनाव प्रचार के अंतिम दिन जब सभी दल मतदाताओं तक पहुंचने में जुटे थे, तभी डोंबिवली (पूर्व) के पैनल क्रमांक २९ में भारतीय जनता पार्टी और शिंदे गुट के बीच तनाव विस्फोटक रूप ले बैठा। बता दें कि बीते दो दिनों से यहां आरोप-प्रत्यारोप का दौर चल रहा था। शिंदे गुट ने भाजपा पर पैसे बांटने का आरोप लगाया था। आरोपों के २४ घंटे भी पूरे नहीं हुए थे कि तुकारामनगर इलाके में दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और हिंसा भड़क उठी। सोमवार देर रात भाजपा उम्मीदवार आर्या नाटेकर के पति ओमनाथ नाटेकर पर जानलेवा हमला किया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। सिर पर धारदार लोहे के हथियार से वार किए जाने के बाद उन्हें निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की शिकायत के मुताबिक प्रचार से लौटते वक्त ५०-६० लोगों की भीड़ ने उन्हें घेर लिया। गाली-गलौज के बाद धारदार हथियार और लोहे के रॉड से हमला किया गया। साथ मौजूद कार्यकर्ताओं को भी लाठियों और लात-घूंसों से पीटा गया। इस झड़प में दो-तीन अन्य लोगों के घायल होने की भी सूचना है।
आठ पर मामला दर्ज
मामले में रामनगर पुलिस स्टेशन में आठ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों में शिंदे गुट के उम्मीदवार नितिन पाटील और रवि पाटील समेत उनके परिजन भी शामिल हैं। उधर शिंदे गुट ने आरोपों से इनकार करते हुए एनसी दर्ज कराई है।
गौरतलब है कि कल्याण-डोंबिवली मनपा चुनाव में युति के बावजूद पैनल २९ में सीधी टक्कर है। प्रचार के अंतिम चरण में हुई इस हिंसा ने डोंबिवली को भय के साये में ला खड़ा किया है।

अन्य समाचार