-मोहाली में भयंकर मर्डर
-६ महीने पहले हुआ था ब्रेकअप
-पैचअप की कोशिश कर रहा था सनकी आशिक
पंजाब के मोहाली से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां फेज-११ स्थित बेस्टेक मॉल के पास एक लॉजिस्टिक्स कंपनी के दफ्तर में एक सनकी प्रेमी ने अपनी ही पूर्व प्रेमिका को सहकर्मियों के सामने बेहद बेरहमी से मौत के घाट उतार दिया। आरोपी ने महज ३० सेकंड के भीतर युवती की गर्दन पर चाकू से ताबड़तोड़ ३० वार किए और फिर खुद का भी गला रेतकर जान देने की कोशिश की। दफ्तर में मची इस भारी अफरातफरी के बीच फेज-११ थाना पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई। एसएचओ अमन बैदवान के नेतृत्व में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। दोनों को लहूलुहान हालत में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने डिंपल को मृत घोषित कर दिया।
पटियाला की रहने वाली २९ वर्षीय डिंपल और ३४ वर्षीय आरोपी हरजिंदर सिंह मान उर्फ हैरी पिछले करीब तीन साल से मोहाली के फेज-११ में एक पैकर्स एंड मूवर्स कंपनी की डिस्पैच टीम में साथ काम कर रहे थे। साथ काम करते-करते दोनों में दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। करीब छह महीने पहले दोनों का ब्रेकअप हो गया था। इसके बाद से ही हरजिंदर इस अलगाव को बर्दाश्त नहीं कर पा रहा था। वह लगातार डिंपल से पैचअप करने और दोबारा रिश्ता सुधारने की कोशिश में जुटा था, लेकिन डिंपल ने उससे पूरी तरह दूरी बना ली थी।
केबिन से लेकर मेन गेट तक दौड़ाकर मारा
गुरुवार शाम करीब ७:३० बजे डिंपल हमेशा की तरह अपने वर्कस्टेशन पर बैठकर काम कर रही थी। हरजिंदर का वर्कस्टेशन भी पास में ही था। वह डिंपल के केबिन में पहुंचा और दोनों के बीच दोबारा रिश्ता जोड़ने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। जब डिंपल ने हमेशा की तरह मना किया, तो हरजिंदर ने अपने पास छिपाकर रखा चाकू निकाल लिया। सीसीटीवी वीडियो में दिख रहा है कि डिंपल अपनी सीट पर काम कर रही थी, तभी हरजिंदर ने पीछे से आकर अचानक उसकी गर्दन पर ५ से ६ बार चाकू से वार किए। डिंपल अपनी जान बचाने के लिए लहूलुहान हालत में दफ्तर के बाहर भागने की कोशिश करने लगी। लेकिन बेरहम कातिल उसके पीछे भागा और उसे मेन गेट पर दबोच लिया। यहां उसने डिंपल पर चाकू से २५ बार और वार किए।
