मुख्यपृष्ठनए समाचारमां तारा देवी मंदिर केसपा में असीम शांति का अनुभव-प्रो. सतीश सिंह...

मां तारा देवी मंदिर केसपा में असीम शांति का अनुभव-प्रो. सतीश सिंह चंद्रा

अनिल मिश्र / पटना

बिहार प्रदेश के गया कॉलेज, गया जी के प्राचार्य प्रो. सतीश सिंह चंद्रा अपने भाइयों प्रधानाध्यापक राजेंद्र सिंह चंद्रा एवं जगजीवन कॉलेज, गया जी के प्राध्यापक डॉ. सतेन्द्र सिंह चंद्रा के साथ प्रखंड अंतर्गत केसपा स्थित लोक आस्था का महाकेंद्र प्राचीन मां तारा देवी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया।मंदिर परिसर में उनके आगमन पर मुखिया प्रतिनिधि अमिताभ कुमार, पूर्व कुलसचिव डॉ. गिरजेश नंदन, नगर मध्य विद्यालय, टिकारी के प्रधानाध्यापक रिंटू कुमार सहित कई प्रबुद्धजनों ने उनका स्वागत किया। इस अवसर पर मंदिर के पुजारी वकील पांडेय के आग्रह पर प्रो. चंद्रा ने मंदिर की अतिथि टिप्पणी पुस्तिका में अपने विचार दर्ज किए तथा मां तारा धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्ता की सराहना की ।इस बीच ग्रामीण हिमांशु शेखर ने कहा कि मां तारा नगरी केसपा सनातन एवं बौद्ध धर्मावलंबियों की आस्था का प्रमुख केंद्र रही है। उन्होंने कहा कि सभी शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों को इस ऐतिहासिक एवं धार्मिक स्थल का भ्रमण अवश्य करना चाहिए, ताकि वे इसकी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।उन्होंने बताया कि इस मंदिर में महान साहित्यकार एवं धर्मचिंतक राहुल सांकृत्यायन तथा भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी भी पूजा-अर्चना कर चुके हैं। प्रतिवर्ष देश-विदेश से पर्यटक एवं श्रद्धालु इस ऐतिहासिक गांव का भ्रमण करने आते हैं। गांव के प्राचीन ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व को देखते हुए वर्ष 2014 में इसका चयन सांसद आदर्श ग्राम के रूप में किया गया था।ग्रामीणों की मांग और क्षेत्र की धार्मिक पहचान को ध्यान में रखते हुए बिहार सरकार के तत्वावधान में प्रतिवर्ष मां तारा देवी महोत्सव का आयोजन भी किया जाता है। इस दौरान उपस्थित अतिथियों ने केसपा गांव की धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया।

अन्य समाचार