मुख्यपृष्ठनए समाचारफडणवीस ने कसा फंदा ...भूमि घोटाले से मुझे बचाओ! ... अमित शाह की...

फडणवीस ने कसा फंदा …भूमि घोटाले से मुझे बचाओ! … अमित शाह की शरण में पहुंचे दादा

– गठित समिति की आनेवाली है रिपोर्ट
रामदिनेश यादव / मुंबई
पुणे में भूमि घोटाले को लेकर राज्य के उप मुख्यमंत्री अजीत पवार मुश्किलों में घिर गए हैं। विपक्ष की ओर से उनके खिलाफ लगातार गंभीर आरोप लगाए जा रहे हैं। फिलहाल इस जमीन सौदे को रद्द कर दिया गया है, लेकिन आरोपों की बौछार अब भी जारी है। ऐसे में विपक्षी दबाव के चलते मुख्यमंत्री इस मामले में कार्रवाई के मूड में हैं। फडणवीस के कसते फंदे से बचने के लिए दादा ने भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के शरण में पहुंचे। उन्होंने शाह से मुलाकात कर इस मामले में बचाने की गुहार लगाई है।
इस मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में हलचल तेज हो गई है कि जमीन घोटाले में बढ़ते दबाव के चलते ही यह मुलाकात की गई। जैसे ७० हजार करोड़ के सिंचाई घोटाले में दादा को क्लीन चिट मिली है, वैसे ही अब फिर उन्हें इस १,८०० करोड़ के भूखंड घोटाले में भी क्लीन चिट मिलने की चर्चा चल रही है। पिछले कुछ दिनों से राज्य में तमाम भूखंड घोटाले से सरकार की छवि खराब हो रही है। ऐसे में माना जा रहा है कि विपक्ष को चुप कराने और सरकार की छवि बचाने के लिए मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस अबकी बार अजीत पवार पर कार्रवाई करेंगे। इसी से बचने के लिए दादा ने कल दिल्ली में जाकर केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इसे लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म है।
पुणे भूखंड घोटाले में अजीत पवार के बेटे पार्थ पवार का नाम सामने आया है। विपक्ष ने इस घोटाले को लेकर अजीत पवार से जवाब मांगा है। विपक्ष का आरोप है कि बिना अजीत पवार की सहमति और अनुमति के यह संभव ही नहीं है कि १,८०० करोड़ की जमीन ३०० करोड़ में खरीद ली और उस पर सरकारी टैक्स के रूप में मात्र ५०० रुपए का शुल्क लगाया गया। विपक्ष इस मामले को लेकर आक्रामक बना हुआ है। ऐसे में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर भी काफी दबाव है।
फडणवीस ने ली चुटकी
मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस मुलाकात पर चुटकी लेते हुए कहा कि राज्य में बाघ और तेंदुओं की बढ़ती दहशत को लेकर दोनों नेताओं ने चर्चा की। उन्होंने बताया कि इस बढ़ते खतरे के चलते अमित शाह जल्द ही एक महत्वपूर्ण बैठक लेने वाले हैं। फडणवीस नागपुर में एक कार्यक्रम के सिलसिले में पहुंचे थे।

अन्य समाचार