नासिक में मामला हुआ दर्ज, पुलिस कर रही तलाश
सुनील ओसवाल / मुंबई
नासिक में अपराध और राजनीति के गठजोड़ का एक नया मामला सामने आया है। शिंदे गुट के पूर्व नगरसेवक पवन पवार पर एक ७१ वर्षीय वृद्ध के अपहरण करने का आरोप लगा है। इसके साथ ही २० लाख रुपए की फिरौती वसूलने का भी गंभीर आरोप है। अब पुलिस ने इस मामले में उनके खिलाफ मामला दर्ज किया है।
बता दें कि आगामी महानगरपालिका चुनावों से पहले इस प्रकरण ने शिंदे गुट की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नासिक के अंबड पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, पवार और उसके साथियों ने वृद्ध को चाकू की नोक पर धमकाते हुए जबरन कार में बैठाया और उन्हें बैंक ले जाकर खाते से २० लाख रुपए निकलवाकर हड़प ली। फरियादी के अनुसार, आरोपी पवन पवार, उसका भाई और साथी अप्रैल २०२३ में नासिक के नवनिर्मित सिडको क्षेत्र में स्थित उनके घर पहुंचे। उन्होंने वृद्ध को धमकाते हुए कहा कि यदि पैसे नहीं दिए तो जान से मार देंगे। इसके बाद तीनों ने वृद्ध को काले शीशों वाली कार में जबरन बैठाया व बैंक ले जाकर २० लाख रुपए की निकासी कराई। फरियादी ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपियों ने उनकी संपत्ति से संबंधित नोटरी दस्तावेज और जनरल पावर ऑफ अटॉर्नी तैयार करवाकर जबरन हस्ताक्षर कराए।
पवन पवार नासिक नगर निगम के पूर्व नगरसेवक रह चुके हैं और उनका नाम लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों से जोड़ा जाता रहा है। नासिक पुलिस ने हाल के दिनों में राजनीतिक दबदबा रखने वाले गुंडों के खिलाफ विशेष अभियान शुरू किया है।
