राजेश सरकार
प्रयागराज। झारखंड के चार युवकों को चोरी किए गए 32 एंड्राइड मोबाइल समेत नैनी पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार किया। इनको एसबीआई नैनी ब्रांच के पास मिर्जापुर मार्ग पर पकड़ा गया। पूछताछ में इन चारों युवकों ने पुलिस को बताया कि वे सभी प्रयागराज के माघ मेला में हाथ की सफाई करने के इरादे से आए थे। मेले में श्रद्धालुओं और ट्रेन यात्रियों से इन लोगों ने मोबाइल झटके थे। रविवार को चारों पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से विभिन्न कम्पनियों के कुल 32 एन्ड्राइड मोबाइल फोन बरामद किए हैं। मुखबिर की सूचना पर शनिवार-रविवार रात एक बजे इन चारों अभियुक्तों को पकड़ा गया। अभियुक्त मोनू पुत्र लखन महतो, शिवा पुत्र स्व. मदन महतो, विकास पुत्र शुकुल महतो तथा मन्तोष सिंह पुत्र स्व. सरवन सिंह निवासी साहेबगंज झारखंड के विरुद्ध नैनी थाने में धारा 317(2) बीएनएस पंजीकृत किया गया है। अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि वे माघ मेला में श्रद्धालुओं व ट्रेनों से आने-जाने वाले यात्रियों की रेकी कर उनके जेब, जैकेट, पर्स, बैग से मौका पाकर मोबाइल फोन चोरी कर लेते है। इनको कम दामों में बेचकर अपने शौक पूरा करते हैं। बरामद सभी मोबाइल श्रद्धालुओं और ट्रेन यात्रियों से चोरी किए गए थे। जिनको यह बेचने जा रहे थे तभी दबोच लिए गए। इनको गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक नैनी बृजकिशोर गौतम, उप निरीक्षक सोहराब अहमद, धर्मेन्द्र यादव, कुलदीप उपाध्याय, बलिराम कुमार, अमित कुमार तथा कांस्टेबल मनोज यादव, सागर परमार, धर्मेन्द्र यादव एवं विपिन वर्मा शामिल थे।
