मुख्यपृष्ठनए समाचारअधूरे रास्ते पर पूरा टोल! ...गडकरी का वादा हुआ फेल

अधूरे रास्ते पर पूरा टोल! …गडकरी का वादा हुआ फेल

१५ साल में भी नहीं बना मुंबई-गोवा हाईवे
सामना संवाददाता / मुंबई
राज्य और केंद्र की भाजपा सरकार के दावों की पोल एक बार फिर मुंबई-गोवा राष्ट्रीय राजमार्ग ने खोल दी है। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी द्वारा ३१ मई तक हाईवे का चौड़ीकरण कार्य पूरा करने का दिया गया आश्वासन पूरी तरह विफल साबित हुआ है। जून का महीना शुरू हो चुका है, लेकिन कई स्थानों पर सड़क का काम अब भी अधूरा पड़ा है। कोकण क्षेत्र के लाखों नागरिकों और यात्रियों को उम्मीद थी कि इस वर्ष बारिश से पहले उन्हें गड्ढों और अधूरे निर्माण से मुक्ति मिल जाएगी। लेकिन हकीकत यह है कि एक बार फिर लोगों को बरसात के मौसम में उसी बदहाल और जोखिम भरे मार्ग से सफर करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। सबसे बड़ा विवाद इस बात को लेकर खड़ा हुआ है कि राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने सड़क निर्माण पूरा होने से पहले ही खारपाड़ा टोल प्लाजा पर टोल वसूली शुरू कर दी है। सड़क पर जगह-जगह निर्माण कार्य जारी है, कई हिस्सों में यातायात प्रभावित है, लेकिन यात्रियों से पूरी टोल राशि वसूली जा रही है। स्थानीय नागरिकों और कोकणवासियों ने इस टोल वसूली का तीव्र विरोध किया था। उनका कहना है कि जब सड़क पूरी तरह तैयार ही नहीं है तो जनता से टोल लेना सरासर अन्याय है।

अन्य समाचार