मुख्यपृष्ठटॉप समाचारगडकरी खोद रहे हैं मोदी के लिए गड्ढे!

गडकरी खोद रहे हैं मोदी के लिए गड्ढे!

-कथित एथनॉल घोटाले का जवाब देने की तैयारी

-पार्टी के विरोधी खेमे को दिखाया आईना

-अब धर्म के नाम पर गंदी राजनीति पर उठाए सवाल

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

जब से केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पीएम पद का दावेदार बताया गया है, तब से भाजपा में उनका विरोधी खेमा एक्टिव हो गया है। वैसे यह कोई नई बात नहीं है, बल्कि पिछले कई वर्षों से यह खेल चल रहा है। मगर गडकरी भी चुप रहनेवालों में से नहीं हैं और अपने विरोधियों को समय-समय पर आईना दिखाते रहते हैं। हालांकि, पार्टी के भीतर कोई भी एक-दूसरे का नाम नहीं लेता, पर सबको मालूम है कि पीएम मोदी उन्हें पसंद नहीं करते। ऐसे में मौका मिलने पर गडकरी भी उनके लिए गड्ढे खोदते रहते हैं। गडकरी का ताजा बयान तो यही इशारा कर रहा है।
हाल ही में गडकरी के खिलाफ कथित एथनॉल घोटाले को हवा दी गई है। अब गडकरी ने भी इसका जवाब देने की तैयारी कर ली है। एक कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने बिना किसी का नाम लिए कहा कि ‘कुछ नेता वोट बैंक के लिए विवादित बयान देते हैं। धर्म के नाम पर गंदी राजनीति करते हैं।’ अब गडकरी ने भले ही किसी का नाम नहीं लिया पर यह सबको पता है कि वे ऐसा किसके लिए कह रहे हैं।
गडकरी के ‘पूर्ति’ ग्रुप पर पड़ा था छापा
पूर्व में नितिन गडकरी की कंपनी ‘पूर्ति’ ग्रुप पर भी घोटाले के आरोप लगे थे और इनकम टैक्स ने मुंबई समेत पूर्ति ग्रुप के कई ठिकानों पर छापा भी मारा था। पूर्ति ग्रुप चीनी के कारोबार से जुड़ा है और इसके तहत कई कंपनियां लिस्टेड हैं। बताया जाता है कि छापे के वक्त भी गडकरी का नाम पीएम के लिए चला था।
कौन कर रहा गडकरी का नाम बदनाम?
लगता है केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी इस समय अपनी ही सरकार से काफी नाराज हैं। असल में जब से एथनॉल घोटाले को उछाला गया है, तब से उनका मूड खराब है। गडकरी को लगता है कि उनकी ही पार्टी के किसी बड़े नेता ने उन्हें बदनाम करने के लिए उनके नाम को घसीटा है। उस बड़े नेता का नाम पार्टी के भीतर दबी जुबान से कुछ लोग जरूर लेते हैं, पर खुले में कोई कुछ नहीं बोलता।
बता दें कि हाल ही में सोशल मीडिया पर गडकरी का नाम तथाकथित एथनॉल घोटाले में खूब उछला। असल में शुरू से ही गडकरी पेट्रोल में २० फीसदी एथेनॉल मिलाने की वकालत करते आए हैं। अब उनके बेटे निखिल गडकरी की कंपनी ने एथनॉल बेचकर खूब मुनाफा कमाया। इस बारे में ‘एक्स’ पर जानकारों ने ज्यादा दावे किए। एक साल में कंपनी के प्रॉफिट में १०० गुना बढ़ोतरी का दावा किया गया। माना जा रहा है कि गडकरी के बेटे की कंपनी सियान एग्रो के बारे में यह जानकारी भाजपा के ही एक बड़े व पावरफुल नेता की ओर से लीक की गई है। ऐसा करके गडकरी की छवि को धूमिल करने की कोशिश की गई। गडकरी इस बात को बखूबी समझते हैं।

अन्य समाचार