जेदवी / मुंबई
वेश बदलकर पुलिस को देता रहा चकमा
पुणे के कुख्यात गैंगस्टर नीलेश घायवल के भाई और उसके गैंग की कमान संभाल रहे सचिन घायवल को पुणे पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजस्थान के सीकर जिले से गिरफ्तार कर लिया है। पिछले ९ महीनों से फरार चल रहा आरोपी लगातार अपनी पहचान और वेश बदलकर पुलिस को चकमा देने की कोशिश कर रहा था, लेकिन आखिरकार क्राइम ब्रांच की टीम ने उसे धर दबोचा।
जानकारी के अनुसार, पुणे क्राइम ब्रांच की यूनिट-३ पिछले तीन महीनों से तकनीकी विश्लेषण और खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसकी गतिविधियों पर नजर रखे हुए थी। गुप्त सूचना मिलने के बाद पुलिस की विशेष टीम राजस्थान पहुंची और सीकर से उसे हिरासत में लेने में सफल रही। गिरफ्तारी के बाद उसे पुणे लाया गया, जहां अदालत ने उसे ९ जून २०२६ तक पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
सचिन घायवल पर हफ्ता वसूली, अपहरण, जानलेवा हमला, अवैध हथियार रखने और संगठित अपराध समेत ११ से अधिक गंभीर मामले दर्ज हैं। कोथरूड क्षेत्र में हुई गोलीबारी और एक बिल्डर से १० फ्लैट्स की फिरौती मांगने के मामले में उसके खिलाफ मकोका के तहत भी कार्रवाई की गई है। बताया जाता है कि बड़े भाई नीलेश घायवल के विदेश फरार होने के बाद सचिन ही पुणे में गैंग की गतिविधियों का संचालन कर रहा था। उसके खिलाफ कार्रवाई को पुणे पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।
