-नशा, पैसा और प्यार में गई प्रेमी की जान
फिरोज खान / मुंबई
दक्षिण मुंबई के डोंगरी इलाके में एक बर्बर हत्याकांड से सनसनी मच गई। नशा, पैसा और प्यार के चक्कर में २६ वर्षीय युवक की बड़ी बेहरमी से हत्या कर दी गई। हैरानी की बात यह है कि कत्ल को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि उम्र से बड़ी उसकी प्रेमिका ने दिया। हत्या के बाद सुसाइड बताने के लिए प्रेमिका ने लाश को फांसी के फंदे पर चढ़ाने की कोशिश की, लेकिन लाश का वजन ज्यादा होने की वजह से वह उसे फंदे में टांग न सकी और लाश को वहीं छोड़कर भाग गई। २४ घंटे तक पुलिस यही मान रही थी कि युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है, लेकिन हकीकत जब सामने आई तो पता चला कि यह हत्या का मामला है। पुलिस ने कातिल प्रेमिका को गिरफ्तार कर लिया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, ३४ साल की महिला के २६ वर्षीय युवक अराफात मेहबूब के साथ प्रेम संबंध थे। यहां तक कि दोनों रिलेशनशिप में कई सालों से रह रहे थे। उन्हें एक बच्चा भी हुआ था। पुलिस के मुताबिक, आराफात एमडी ड्रग्स का आदी था इसलिए वह अक्सर अपनी प्रेमिका से पैसे उधार लेता था। यह उधारी तकरीबन डेढ़ लाख रुपयों तक पहुंच गई थी। पैसों को लेकर दोनों के बीच अक्सर झगड़े भी होने लगे थे।
प्रेमिका ने उगला राज
पुलिस ने सबसे पहले प्रेमिका को हिरासत में लिया और सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा राज उगल दिया और बताया कि उसका प्रेमी नशे का आदी था और उसने डेढ़ लाख रुपए उधार भी लिए थे। शुक्रवार को जब वह नशे में था तो उसने उसका गला दबाकर मार डाला और उसे फांसी के फंदे पर लटकाने की कोशिश की। ताकि सभी को लगे कि उसने आत्महत्या कर ली है। पुलिस को शक है कि इस हत्याकांड में और लोग शामिल हैं, उस एंगल से भी जांच की जा रही है।
प्रेमिका और बच्चे को घरवालों ने नहीं किया स्वीकार
असल में आराफात के घरवालों ने उसकी प्रेमिका और बच्चे को स्वीकार नहीं किया था इसलिए वह प्रेमिका के घर पर ही रहता था। वहीं प्रेमिका के साथ झगड़े होने लगे थे। इस बीच शुक्रवार को आराफात की लाश घर के बाहर मिली, जिसकी खबर आराफात के चचेरे भाई को लगी तो उसने फौरन पुलिस को सूचना दे दी। डोंगरी पुलिस ने बताया कि लाश के गले पर फांसी लगाए जाने के निशान मिले थे। प्रेमिका से की गई पूछताछ में उसने अंदेशा जताया कि संभवत उसके प्रेमी ने आत्महत्या कर ली है। दूसरे दिन जब पोस्टमार्टम रिपोर्ट आई तो पुलिस हैरान रह गई। रिपोर्ट के मुताबिक, आराफात की गला दबाकर हत्या की गई है।
