मुख्यपृष्ठस्तंभझांकी: पाकिस्तानी साजिश

झांकी: पाकिस्तानी साजिश

अजय भट्टाचार्य

जो लोग अयोध्या स्थित भगवान राम के मंदिर में चढ़ावे/चंदा चोरी की बात कर रहे हैं, उन्हें असली बात नही पता है। दरअसल, मामला यह है कि पाकिस्तान से कुछ विधर्मी राम मंदिर के अंदर चोरी करने/डाका डालने के लिए आने वाले थे। यह पता चलते ही मंदिर प्रबंधन ने सोने-चांदी के गहने, सिल्लियां घरों में ले जाकर सुरक्षित कर दीं। किसी ने गोबर में नोट छिपा दिए। कोई चोरी-वोरी नहीं हुई है। मतलब पैसा पूरी तरह सुरक्षित है। वैसे भी पैसा बैंक से ज्यादा घर में सुरक्षित माना जाता है क्योंकि बैंक न जाने कब दिवालिया हो जाये। गोपनीयता के लिए पाकिस्तानी साजिश को मीडिया में नहीं दिखाया गया। फालतू की अफवाहों पर ध्यान न दें। विपक्ष गुमराह कर रहा है।
आका का संदेश
नागपुरिया आकाओं ने एक मुख्यमंत्री को भाजपा की सर्वोच्च निर्णायक मंडली संसदीय बोर्ड में लेने का संदेश आलाकमान को भेजा है। फिलहाल पार्टी का कोई भी मुख्यमंत्री इस बोर्ड में नहीं है। यह अकेला मुख्यमंत्री फिलहाल केंद्रीय चुनाव समिति में है। नागपुर से निर्वाचित एक केंद्रीय मंत्री को इस बोर्ड से फुटास की गोली दी जा चुकी है। अगर मुख्यमंत्री इस बोर्ड में लिया गया तो महाराष्ट्र के साथ भाजपा के कई नेता असहज हो सकते हैं। दिल्ली में भाजपा नेताओं की एक लॉबी इस मुख्यमंत्री को कमजोर करने, उसके खिलाफ अफवाह फैलाने में दिन-रात मेहनत करती है। भाऊ नाम से खुद को पेश करनेवाले इस मुख्यमंत्री को संघ का वरदहस्त प्राप्त है।
बेगम बिफरी
एक व्यक्ति ने मित्र को कॉल किया। कॉलर ट्यून बज रही थी-‘जीवन से भरी तेरी आंखें।’ बात नहीं हो पाई। एक-डेढ़ घंटे बाद उसने फोन कर दिया। उसने छूटते ही पूछा, ‘क्या बात? कहां हो?’’ उस तरफ से लंबी उदासी के भाव फूट पड़े। पूछा, ‘‘सब ठीक? भाभी जी ने घुड़क दिया क्या?’’ जवाब आया, ‘‘यार! गलती से मैंने बेगम क्या कह दिया। कल से बिफरी हुई पड़ी है। दस बार सुना दिया है कि पत्नी से बेगम कैसे हो गई! क्यों हो गई!’’ शब्द संपदा बीते जमाने की बात हो गए हैं! मतलब अब लोक में प्रचलित हिंदुस्थानी भाषा को भी धर्म के चश्मे से देखने वालों की तादाद बढ़ गई है? मतलब कि व्हाट्सएप यूनिवर्सिटी ने मोबाइल के जरिए मन-मस्तिष्क को कुंद करने में भी कोई कोर-कसर नहीं रख छोड़ी है?
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार एवं स्तंभकार हैं तथा व्यंग्यात्मक लेखन में महारत रखते हैं।)

अन्य समाचार