मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिउत्तर भारतीय समाज के स्नेह-मिलन एवं सम्मान समारोह 'बाटी-चोखा' का भव्य आयोजन

उत्तर भारतीय समाज के स्नेह-मिलन एवं सम्मान समारोह ‘बाटी-चोखा’ का भव्य आयोजन

कल्याण। उत्तर भारतीय समाज’स एजुकेशनल एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट द्वारा आयोजित स्नेह-मिलन, सम्मान समारोह एवं बाटी-चोखा कार्यक्रम का आयोजन कल्याण के सोनावणे कॉलेज में उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। इस आयोजन में बड़ी संख्या में उत्तर भारतीय समाज के बंधुओं ने भाग लिया और सामूहिक एकता, संस्कृति तथा सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. विजय पंडित ने की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि “वर्तमान समय में जब भाषा और क्षेत्रीयता को लेकर विवाद बढ़ रहे हैं, ऐसे समय में उत्तर भारतीयों को संयम और एकता बनाए रखनी चाहिए। हमें भड़काऊ बयानों से बचना चाहिए और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी संस्कृति एवं अधिकारों की रक्षा करनी चाहिए।”

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवक अरुण दूबे (माटुंगा) को उनके उल्लेखनीय सामाजिक कार्यों के लिए विशेष सम्मान से नवाजा गया। सृजन संस्था के अध्यक्ष रामचंद्र पांडेय ने समाज के कमजोर वर्गों की मदद के लिए सभी से आगे आने का आह्वान किया। वहीं, विश्व ब्राह्मण समाज के महामंत्री मुरलीधर तिवारी ने युवाओं को नशे से दूर रहने की सलाह दी और समाज में नैतिकता और अनुशासन बनाए रखने का आग्रह किया।

रिटेल मर्चेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष हृदय पंडित ने सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में वरिष्ठ समाजसेवक दिनेश दूबे, वरिष्ठ भाजपा नेता अजय मिश्रा, प्रदीप तिवारी, और सच्चिदानंद पांडेय ने विशेष भूमिका निभाई।

अंत में आभार प्रदर्शन मुरलीधर तिवारी ने किया। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक व्यंजन बाटी-चोखा की भी सभी ने सराहना की और उत्तर भारतीय संस्कृति की महक से पूरा परिसर गुंजायमान हो उठा।

अन्य समाचार