राजेश सरकार / प्रयागराज
बुधवार देर शाम आई तेज आंधी और बारिश ने यमुनापार क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। आंधी के दौरान एक विशालकाय पेड़ जड़ समेत उखड़कर लालापुर-घूरपुर मुख्य मार्ग पर गिर पड़ा, जिससे मार्ग पर आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। वहीं, पेड़ की चपेट में आने से 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन भी टूट गई, जिसके कारण अमिलिया समेत एक दर्जन गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। गुरुवार दोपहर बाद तक न तो पेड़ हटाया जा सका था और न ही बिजली आपूर्ति बहाल हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार, शिवकुमारी शुक्ला इंटर कॉलेज के मुख्य द्वार के सामने स्थित विशाल पेड़ तेज आंधी के चलते जड़ समेत उखड़कर सड़क पर गिर गया। इसके कारण अमिलिया, नौडिया तरहार, महेरा, नागनपुर, पंचवर, मानपर और कचरा होते हुए घूरपुर जाने वाला प्रमुख मार्ग पूरी तरह बंद हो गया। सड़क अवरुद्ध होने से राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
पेड़ गिरने से हाईटेंशन लाइन टूट जाने के कारण अमिलिया, नौडिया तरहार, सेमरी, महेरा, माझियारी, नागनपुर और पंचवर सहित आसपास के कई गांवों में बुधवार रात से बिजली गुल है। भीषण गर्मी के बीच बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया है। बिजली न होने से पेयजल आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे ग्रामीणों के सामने पानी का संकट खड़ा हो गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि घटना के लगभग 20 घंटे बाद भी न तो बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और न ही प्रशासन की ओर से सड़क से पेड़ हटाने की कोई प्रभावी कार्रवाई की गई। मार्ग बंद होने के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए 10 से 12 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।
प्रशासन और बिजली विभाग की उदासीनता को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों ने आरोप लगाया कि इतनी गंभीर समस्या के बावजूद संबंधित अधिकारी संवेदनशीलता नहीं दिखा रहे हैं। ग्रामीणों ने तत्काल सड़क से पेड़ हटाकर यातायात बहाल करने और बिजली आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
