मुख्यपृष्ठसमाज-संस्कृतिहजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन बना मोबाइल चोरों का अड्डा...शिकायत के बावजूद नहीं...

हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन बना मोबाइल चोरों का अड्डा…शिकायत के बावजूद नहीं हुई कार्रवाई

सामना संवाददाता / नई दिल्ली

राजधानी के व्यस्त रेलवे स्टेशनों में शामिल हज़रत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी की घटनाएं यात्रियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं। एक यात्री ने आरोप लगाया है कि स्टेशन परिसर में उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया, जिसके बाद की गई शिकायतों के बावजूद अब तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है।
पीड़ित यात्री के अनुसार, वह 7 जून 2026 को योगनगरी ऋषिकेश से हज़रत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पहुंचा था। उसे सुबह 5:35 बजे ट्रेन संख्या 12618 मंगला लक्षद्वीप एक्सप्रेस से कल्याण के लिए रवाना होना था। यात्री का कहना है कि सुबह लगभग 3:30 बजे से 5:35 बजे के बीच स्टेशन परिसर में उसका मोबाइल फोन चोरी हो गया।
घटना के तुरंत बाद यात्री ने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत दर्ज कराई तथा रेलवे पुलिस को भी लिखित शिकायत सौंपी। आरोप है कि मोबाइल चोरी होने के बाद बदमाशों ने फोन का दुरुपयोग करते हुए पीड़ित के बैंक खाते से पैसे निकालने का प्रयास किया। इतना ही नहीं, चोरी किए गए मोबाइल का इस्तेमाल कर पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने का मामला भी सामने आया।
पीड़ित का कहना है कि आरोपियों की गतिविधियों से जुड़े सुराग उपलब्ध होने के बावजूद रेलवे पुलिस अब तक चोरों को पकड़ने में सफल नहीं हो सकी है। इस घटना ने रेलवे स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यात्रियों का कहना है कि हज़रत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर मोबाइल चोरी और जेबकतरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे उनमें असुरक्षा की भावना पैदा हो रही है। उन्होंने रेलवे प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) से स्टेशन परिसर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने, सीसीटीवी निगरानी को प्रभावी बनाने तथा अपराधियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, पीड़ित यात्री न्याय और आरोपियों की गिरफ्तारी का इंतजार कर रहा है, जबकि रेलवे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

अन्य समाचार