-महिला दलाल गिरफ्तार, दो पीड़ित महिलाएं हुई आजाद
सुरेश गोलानी / मुंबई
मीरा भायंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्तलय से जुड़े महिला अत्याचार निवारण एवं विशेष बाल संरक्षण व देखभाल प्रकोष्ठ ने काशीमीरा में चल रहे एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने एक महिला दलाल को हिरासत में लेकर दो पीड़ित महिलाओं को जिस्मफरोशी के दलदल से आजाद करवाने में कामयाबी हासिल की है।
पुलिस निरीक्षक शीतल मुंडे को मिली सूचना के आधार पर प्रकोष्ठ से जुड़े पुलिसकर्मियों ने बोगस ग्राहक की मदद से महिला दलाल से संपर्क किया। सूचना की पुष्टी होने के बाद पुलिस टीम ने जाल बिछाकर ४० वर्षीय महिला दलाल को ठाकुर शॉपिंग माल में स्थित एक रेस्टोरेंट से गिरफ्तार कर लिया और दो पीड़ित महिलाओं को जिस्मफरोशी के चंगुल से रेस्क्यू किया। शुरुआती जांच में पता चला कि ३२ वर्षीय महिला दलाल अपने साथीदार के साथ मिलकर गरीब और जरूरतमंद महिलाओं को बहला-फुसलाकर देह व्यापार के दलदल में धकेल देती थी।
८ महीनों से चल रहा था गोरखधंधा
इन महिलाओं की तस्वीरें ग्राहकों को व्हॉट्सऐप पर भेजकर जिस्मफरोशी का कारोबार चलाने के आरोप में रंगे हाथ पकड़ी जाने वाली दलाल ने पुलिस को बताया कि वो अपने साथीदार के साथ मिलकर पिछले ८ महीनों से देह व्यापार का गोरखधंधा कर रही थी। महिला दलाल और उसकी साथीदार के खिलाफ काशीमीरा पुलिस थाने में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। वहीं आजाद कराई गई लड़कियों को उनकी हिफाजत के लिए सुधार गृह में भेज दिया गया है। आगे की जांच जारी है।
