– एफडीए ने शुरू की जांच
– सख्त कार्रवाई की उठी मांग
सामना संवाददाता / मुंबई
महाराष्ट्र में मिलावटी दूध का कहर खुलकर सामने आ गया है। धुले जिले के शिरपुर में उबालते ही दूध रबर बन गया, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस चौंकाने वाले खुलासे ने जनता में जबरदस्त गुस्से की लहर पैदा कर दी है। दूसरी तरफ वीडियो सामने आने के बाद एफडीए भी हरकत में आ गया है और संबंधित डेयरी पर कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं लोगों का सवाल है कि अगर रोजाना इस्तेमाल होने वाला दूध ही इतना जहरीला है, तो स्वास्थ्य की गारंटी कौन देगा। त्योहारी सीजन में ऐसे घोटालों ने प्रशासन की नींद उड़ा दी है, जबकि नागरिकों ने मिलावटखोरों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिलावटखोरों की इस हरकत ने न केवल जनता की सेहत पर खतरा पैदा कर दिया है, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। धुले जिले के शिरपुर की एक महिला ने स्थानीय डेयरी से दूध खरीदा था। कुछ घंटे बाद दूध खराब हो गया। शक होने पर महिला ने दूध उबालकर देखा तो वह रबर की तरह सख्त, चिपचिपा और खिंचने वाला बन गया। महिला ने पूरी घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। यह वीडियो कुछ ही घंटों में वायरल हो गया, जिससे जिले समेत पूरे राज्य में आक्रोश और दहशत पैâल गई। लोग अब सवाल उठा रहे हैं कि जब दूध जैसा बुनियादी खाद्य पदार्थ ही इस हालत में है, तो बाकी खाद्य वस्तुओं की गुणवत्ता पर वैâसे भरोसा किया जाए। इस मामले को लेकर लोगों ने संबंधित दूध विक्रेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई
वीडियो सामने आते ही एफडीए विभाग ने तुरंत जांच शुरू कर दी। विभाग के अधिकारी किशोर बाविस्कर ने कहा कि संबंधित डेयरी से दूध के नमूने लिए जा रहे हैं और उन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद दोषी पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हालांकि दिवाली जैसे त्योहारी मौसम में दूध की मांग कई गुना बढ़ जाती है, ऐसे में मिलावटी दूध की बिक्री उजागर होने से खाद्य सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
दूध की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल
इस घटना के बाद दूध की गुणवत्ता पर गंभीर शंकाएं उठने लगी हैं। माना जा रहा है कि कुछ व्यापारी मुनाफा बढ़ाने के लिए दूध में रासायनिक पदार्थ या पाउडर मिलाकर बेच रहे हैं। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों के दौरान दूध और खाद्य पदार्थों की नियमित जांच की जाए, अन्यथा ऐसे मिलावटखोरी के मामले बढ़ते ही जाएंगे।
कड़ी कार्रवाई की मांग
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने मिलावट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। एफडीए द्वारा नमूनों की जांच के बाद यदि मिलावट साबित होती है तो दोषी दुकानदार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अब देखना यह है कि एफडीए कितनी सख्ती से कदम उठाता है और इस मिलावट पर कितनी जल्दी लगाम लगाई जाती है।
