बाबा केदारनाथ के दरबार में हाजिरी लगाना अभिनेत्री सारा अली खान को भारी पड़ गया! २५ अक्टूबर को मंदिर में दर्शन और पूजा-अर्चना करने पहुंचीं सारा के खिलाफ उत्तर प्रदेश के मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने फतवा जारी कर दिया। मौलाना का कहना है कि दूसरे धर्म के रीति-रिवाजों के मुताबिक पूजा करना इस्लाम में जायज नहीं है। उन्होंने सारा को माफी मांगने और पश्चाताप करने की नसीहत भी दे डाली। लेकिन सारा के लिए यह कोई नई बात नहीं है। मंदिरों में जाने को लेकर पहले भी उन्हें निशाना बनाया जा चुका है। ऐसे में उनका २०२३ का पुराना जवाब फिर चर्चा में आ गया है। सारा ने तब दो-टूक कहा था कि वे जिस श्रद्धा से अजमेर शरीफ जाती हैं, उसी श्रद्धा से बंगला साहिब और महाकाल भी जाएंगी।
