योगी सरकार के अधिकारियों को पड़ी हाई कोर्ट की फटकार
इलाहाबाद हाई कोर्ट ने भारतीय प्रशासनिक सेवा यानी आईएएस अधिकारी को कड़ी फटकार लगाई है। कोर्ट ने पुलिस व्यवस्था में सुधारों को लेकर अहम टिप्पणी करते हुए कहा कि अदालतों के निर्देशों की अनदेखी किसी भी स्तर पर स्वीकार्य नहीं होगी। पुलिस व्यवस्था में सुधार की प्रक्रिया को जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है। जस्टिस विनोद दिवाकर की एकल पीठ ने यूपी सरकार के वरिष्ठ अधिकारी के आचरण पर नाराजगी जताते हुए ये टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि राज्य में सुधार लाने के लिए कोर्ट की ओर से जो कोशिशें की जा रही हैं उन्हें जानबूझकर कमजोर किया जा रहा है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंताजनक है। अदालत ने सरकारी अधिकारियों की जवाबदेही को रेखांकित करते हुए कौटिल्य का जिक्र किया और कहा कि जिस तरह प्राचीन काल में प्रशासकों की रोजाना निगरानी को जरूरी माना गया था, वो सिद्धांत आज के समय में भी उतना ही प्रासंगिक है।
