भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने हीरो एशियन चैंपियंस ट्रॉफी पंजाब २०२६ में अपने अजेय अभियान को जारी रखते हुए साउथ कोरिया को ८-० से करारी शिकस्त दी है। ओलंपियन सुरजीत सिंह हॉकी स्टेडियम में खेले गए लीग के आखिरी मुकाबले में भारत पूरी तरह हावी रहा। ६० प्रतिशत बॉल पजेशन, ८ पेनल्टी कॉर्नर और ७ अलग-अलग गोल स्कोरर के साथ भारत ने कोरिया को कोई मौका नहीं दिया। भारत के लिए दिलप्रीत सिंह (८वें, ४०वें मिनट) ने दो गोल दागे, जबकि जुगराज सिंह (११वें), कप्तान हरमनप्रीत सिंह (१५वें), शिलानंद लाकड़ा (३३वें), सुखजीत सिंह (३४वें), संजय (३६वें) और अंगदबीर सिंह (६०वें) ने एक-एक गोल किया। यह टूर्नामेंट में भारत की लगातार ५वीं जीत है। इससे पहले टीम बांग्लादेश को १३-०, चीन को ५-२, जापान को ४-१ और मलेशिया को ४-२ से हरा चुकी है। ५ मैचों में १५ अंकों और +२९ गोल अंतर के साथ भारत लीग तालिका में टॉप पर रहा। अब टूर्नामेंट नॉकआउट चरण के लिए मोहाली शिफ्ट होगा। भारत का सेमीफाइनल में फिर से साउथ कोरिया से ही सामना होगा, जो ४ नवंबर को खेला जाएगा।
